दिल्ली: CGO कॉम्प्लेक्स की बिल्डिंग में आग लगने से मचा हड़कंप, फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां मौके पर
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के प्रगति विहार इलाके में ब्लॉक नंबर 14 के सीजीओ कॉम्प्लेक्स की एक इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है। आग लगने के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल है। तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है। जबकि फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।

आग किस वजह से लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। हालांकि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है फिर भी आधिकारिक बयान का इंतजार है। फिलहाल, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर हैं और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। इस हादसे में अभी किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
शुक्रवार को दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में जवाहर झुग्गी कैंप में आग लगने के कारण करीब 20 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं थी। कई परिवार इन झुग्गियों में अपना गुजर-बसर कर रहे थे। सालों से रहने वाले इन लोगों के बीच कुछ हाल में भी आए थे। आग में झुग्गियां खाक होने के बाद वे अब बेघर हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications