मुंबई: कोरोना मरीजों के लिए बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में लगी आग
नई दिल्ली। मुंबई के नागपाड़ा के एक होटल में आग लग गई। इस होटल को कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। नागपाड़ा में बेलासिस रोड पर रिपन होटल में आग लगने की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। इस होटल को क्वारंटाइन सेंटर के रूप में इस्तेमाल किया गया है। यहां कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर कुछ मरीजों को रखा गया है। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम फौरन मौके पर पहुंच गई।

फायर ब्रिगेड की टीम ने होटल में फंसे अधिकांश मरीजों को बाहर निकाल लिया है। फायर ब्रिगेड विभाग के मुताबिक होटल में करीब 25 मरीजों को बाहर निकाला गया। वहीं फायर ब्रिगेड ने होटल में लगी आग पर काबू पा लिया है। मुंबई फायर ब्रिगेड के मुताबिक आग लेवल-2 की थी।
आग होटल के लॉजिंग रूप में लगी हुई थी। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी को वक्त पर होटल से निकाल लिया गया। आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है। आपको बता दें कि मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के 155 नए मामले सामने आए है। यहां कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 3,000 के पार पहुंच गई है। वहीं महाराष्ट्र में अभी तक 4,666 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन में दी गई ढील को भी वापस ले लिया है।












Click it and Unblock the Notifications