पत्नी के इश्क से परेशान पति ने प्रेमी को ही कर लिया किडनैप और फिर...
देहरादून। उत्तराखंड में अपहरण का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें आरोप है कि पति ने अपने 5 साथियों के साथ मिलकर पत्नी के प्रेमी को अगवा कर लिया और उसे बंधक बनाकर तीन दिनों तक पीटते रहे। इस मामले में पटेलनगर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।

युवक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेहूंवाला निवासी रिजवान ने पुलिस को तहरीर दी है कि उनके बेटे को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया है। इस मामले में गोरखपुर शिमला बाईपास के रहने वाले पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस में दी गई तहरीर में पांचों पर साजिश के तहत बेटे का अपहरण करने का आरोप लगाया गया है। इसमें ये भी कहा गया है कि विकासनगर इलाके में ले जाकर मारपीट भी की गई।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
यहां तक कि घटना की जानकारी दूसरों को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पटेलनगर इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि रिजवान अली की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में अपनी तरफ से पूरी छानबीन कर रही है, इसकी जांच आइएसबीटी चौकी इंचार्ज विवेक भंडारी को सौंपी गई है।

पति पर ही पत्नी के प्रेमी को अगवा करने का आरोप
पटेल नगर पुलिस को शक है ये एक प्रेम प्रसंग का मामला है। युवक का एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसकी जानकारी महिला के पति को हो गई थी। इसी पर पति ने अपने कुछ साथियों की मदद से उक्त युवक को अगवा कर लिया। हालांकि, पुलिस अपहरण के पीछे दूसरे कारणों की भी जांच कर रही है। ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।












Click it and Unblock the Notifications