देर रात तक चली BJP की हाई प्रोफाइल बैठक, तीसरी बार वाराणसी से PM मोदी, UP में सहयोगी दलों को 6 सीटें: सूत्र
BJP Meeting On Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप देने के लिए पीएम मोदी (PM Modi) ने दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति (Central Election Committee ) की बैठक की अध्यक्षता की।
केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी मुख्यालय में देर रात चली, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप देने पर मंथन किया गया। बैठक में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और 16 राज्यों के प्रतिनिधि और मुख्यमंत्री मौजूद रहे।

तीसरी बार वाराणसी से दावेदारी
हालांकि बैठक को लेकर अभी अधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है, लेकिन एनडीटीवी की खबर के मुताबिक बैठक में तय किया गया कि पीएम नरेंद्र मोदी मोदी एक बार फिर यानी तीसरी बार वाराणसी से ही चुनाव लड़ेंगे।
UP की 74 सीटों पर लड़ेगी भाजपा
वहीं उत्तर प्रदेश की 80 सीटों को लेकर भी पार्टी की तरफ से फाइनल कर दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार बीजेपी 74 लोकसभा सीटों पर लड़ेगी, जबकि एनडीए के सहयोगी दलों को 6 सीटें मिलेंगी। जिनमें हाल ही में बीजेपी के साथ आने वाली आरएलडी को 2 सीटें, अपना दल को 2 सीटें, सुभासपा और निषाद पार्टी के लिए 1-1 सीटें बीजेपी दे रही है।
जानिए कब आएगी पहली लिस्ट?
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात तक चली बैठक में वाराणसी सहित 50 लोकसभी सीटों पर पार्टी की तरफ से उम्मीदवार तय कर लिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक बीजेपी 1 या 2 मार्च को अपनी पहली उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सकती है। वहीं 10 मार्च से पहले 300 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा संभव हो सकती है।
वहीं न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार पार्टी शुरुआत में उन राज्यों पर पूरा फोकस कर रही है, जहां वो अपने दम पर चुनाव लड़ रही है। हालांकि पहली लिस्ट में 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी द्वारा हारी गई कुछ सीटें भी शामिल हो सकती हैं।
हारी हुई सीटों पर फोकस
Recommended Video
सूत्रों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में, भाजपा ने 2019 में हारी हुई 14 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों पर चर्चा की है और पहली सूची में चुनावी रूप से महत्वपूर्ण राज्य से लगभग 40 नाम शामिल हो सकते हैं। पहली सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी नाम और राज्य के अवध और पूर्वांचल क्षेत्र की कुछ सीटें हो सकती हैं।
होल्ड पर फिलहाल तीन राज्य
हालांकि जहां गठबंधन को लेकर अन्य दलों से भाजपा की चर्चा जारी है, वहां पर उम्मीदवारों का फैसला होल्ड पर डाला गया है। पार्टी की ओर से पंजाब, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में प्रत्याशियों को लेकर फैसला रोका हुआ है, क्यों कि पंजाब में अकाली दल, आंध्र प्रदेश में TDP और जन सेना के अलावा तमिलनाडु में AIADMK के साथ भाजपा की बातचीत जारी है।












Click it and Unblock the Notifications