UPA सरकार की तुलना में मोदी सरकार में 65 फीसदी बढ़ा FDI, निवेशकों को है हम पर भरोसा- वित्त मंत्री
नई दिल्ली, मार्च 29। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राज्यसभा में कहा है कि यूपीए सरकार की तुलना में मोदी सरकार के कार्यकाल में देश के अंदर FDI 65 फीसदी तक बढ़ा है। वित्त मंत्री ने बताया कि 2014 के बाद से दिसंबर 2021 तक देश के अंदर 500.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर का FDI हो गया है, जो यूपीए सरकार के 10 साल के कार्यकाल से 65 फीसदी अधिक है। निर्मला सीतारमण ने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि निवेशकों को मौजूदा सरकार के आर्थिक प्रबंधन पर अधिक भरोसा है।

Recommended Video
निर्मला सीतारमण राज्यसभा में वित्त विधेयक, 2022 और विनियोग विधेयक, 2022 पर चर्चा के दौरान बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि भारत इस वक्त दुनिया के टॉप 5 FDI देशों में बना हुआ है। वित्त मंत्री ने कहा कि भारत में पिछले वित्त वर्ष में विदेशी निवेश 74.9 बिलियन अमरीकी डालर था, जो 2020-21 में बढ़कर 81.72 बिलियन अमरीकी डालर हो गया। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के बावजूद सरकार ने संसाधन जुटाने के लिए टैक्स का सहारा नहीं लिया और आर्थिक सुधार के लिए कोई टैक्स नहीं बढ़ाया।
दूसरी ओर ओईसीडी की एक रिपोर्ट के अनुसार, 32 देशों ने अपनी आर्थिक रिकवरी के लिए अपने टैक्स रेट की वृद्धि का सहारा लिया है। अपनी स्पीच के दौरान सीतारमण ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध सभी देशों को प्रभावित कर रहा है जैसे कि कोरोना महामारी ने किया था। वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि चालू वित्त वर्ष में केंद्रीय करों से राज्यों को 8.35 लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं, जो 2021-22 के लिए 7.45 लाख करोड़ रुपये के संशोधित अनुमान से अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications