Farmers protest: जो लोग "मर जा..मोदी" के नारे लगा रहे हैं वो किसान नहीं हो सकते- राजनाथ सिंह
Farmers protest: जो लोग "मर जा..मोदी" के नारे लगा रहे हैं वो किसान नहीं हो सकते- राजनाथ सिंह
Farmers Protest Update: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कृषि कानूनों के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों पर कहा है कि कुछ इस तरह की बातें कही जा रही हैं, जो संदेह पैदा करती हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि जो लोग, 'मर जा मोदी' जैसे नारे लगा रहे हैं, वो किसान नहीं हो सकते। देश का किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ इस तरह का कभी कुछ नहीं कहेगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि किसानों को सरकार से 'हां' या 'नहीं' में जवाब की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। इसके बजाय मध्य मार्ग खोजने की कोशिश करनी चाहिए। सिंह ने ये भी कहा कि विपक्ष के लोग सिर्फ फोटो खिंचाने के लिए किसानों से मिल रहे हैं।

राजनाथ सिंह ने उन लोगों की भी आलोचना है कि जो आंदोलन में शामिल किसानों को खालिस्तानी और नक्सली बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के सम्मान में उनका सिर हमेशा झुका है और किसी को किसानों के लिए इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए। किसानों ने देश को हमेशा आर्थिक संकट से बचाया है और देश के लिए सिख समाज के बलिदान को कोई भूल नहीं सकता।
राजनाथ सिंह ने ये भी कहा कि कुछ ताकतों ने किसानों के बीच कुछ गलतफहमियां पैदा करने की कोशिश की हैं। किसानों से मेरा निवेदन है कि वे कानून के हर बिंदु पर चर्चा करें। हम हर समस्या का समाधान करेंगे। किसानों को प्रयोग के तौर पर कम से कम दो साल तक इन्हें देखना चाहिए. अगर कहीं जरूरत है तो हम उसमें सुधार को तैयार हैं।
बता दें कि केंद्र सरकार इस साल तीन नए कृषि कानून लेकर आई है, जिनमें सरकारी मंडियों के बाहर खरीद, अनुबंध खेती को मंजूरी देने और कई अनाजों और दालों की भंडार सीमा खत्म करने जैसे प्रावधान किए गए हैं। इसको लेकर किसान जून के महीने से लगातार आंदोलनरत हैं और इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। किसानों को कहना है कि ये कानून मंडी सिस्टम और पूरी खेती को प्राइवेट हाथों में सौंप देंगे, जिससे किसान को भारी नुकसान उठाना होगा।












Click it and Unblock the Notifications