हरियाणा के हिसार में बोले राकेश टिकैत, अगर मांगे नहीं मानी तो 5 साल तक चलेगा किसान आंदोलन
नई दिल्ली, अप्रैल 25। देश में कोरोना संकट के बीच भी चल रहे किसान आंदोलन को 5 महीने से अधिक का वक्त हो चुका है। महामारी के इस दौर में भी किसान अपनी मांगों से पीछे हटने को बिल्कुल तैयार नहीं हैं। इस बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि हम किसान आंदोलन को अगले पांच साल तक भी जारी रख सकते हैं। हरियाणा के हिसार में मीडिया से बात करते हुए राकेश टिकैत ने किसानों से आग्रह किया कि इस आंदोलन को अपने नियमित जीवन का हिस्सा बना लीजिए।

पांच साल तक आंदोलन को रख सकते हैं जारी- राकेश टिकैत
राकेश टिकैत ने कहा कि हमारा आंदोलन पिछले पांच महीने से चल रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने हमारी मांगों को अभी तक नहीं माना है, अगर वो पांच साल तक सरकार चला सकते हैं तो हम अपने आंदोलन को भी अगले पांच साल तक जारी रख सकते हैं। आपको बता दें कि राकेश टिकैत हिसार में वकीलों के धरने में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। आपको बता दें कि वकीलों का ये धरना किसानों के समर्थन में 3 फरवरी 2021 से जारी है।
खेतों के साथ-साथ आंदोलन पर दें ध्यान- टिकैत
राकेश टिकैत ने कहा, "यह आंदोलन पूरे देश में मजबूती से जारी रहेगा। किसान इस आंदोलन को अपने नियमित जीवन का एक हिस्सा बना लें, अपने खेतों के साथ-साथ आंदोलन पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्हें आंदोलन में शामिल होना चाहिए जैसे वे अपने कृषि क्षेत्र में जाते हैं। "
सरकार बुलाए तो बातचीत करेंगे- टिकैत
राकेश टिकैत ने कहा कि लोग अब मुझ से पूछने लगे हैं कि आपका आंदोलन कब तक जारी रहेगा, पांच महीने का वक्त काफी लंबा नहीं हैं तो मैं उन लोगों से यहीं कहता हूं कि पांच महीने कोई लंबा आंदोलन है? अभी तो आंदोलन को अपनी दिनचर्या का का हिस्सा बनाना होगा, जैसे हम अपने घरों और कृषि क्षेत्रों में काम करते हैं, उसी आंदोलन को भी चलाना होगा।" टिकैत ने इस दौरान कहा कि अगर सरकार हमें फिर से बातचीत के लिए बुलाती है तो हम जरूर जाएंगे। इस दौरान किसानों ने बीजेपी और जेजेपी के नेताओं का सामाजिक बहिष्कार करने का ऐलान भी किया।












Click it and Unblock the Notifications