'मेरे बच्चे को बहुत टॉर्चर किया', अतुल सुभाष के सुसाइड के बाद अब सामने आया परिवार, किया बड़ा खुलासा
Atul Subhash News: 'मेरे बेटे को प्रताड़ित (टॉर्चर) किया गया, वो हमसे यह बात छुपाता था।' यह बात बेंगलुरु में एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की मां ने रोते हुए कही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अतुल ने अपनी पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर सुसाइड कर लिया। अतुल के सुसाइड के बाद उसका परिवार अब मीडिया के सामने आया है।
दरअसल, अतुल का अंतिम संस्कार कर दिया गया है और उनके माता-पिता व भाई उनका अस्थि कलश लेकर शाम को पटना एयरपोर्ट पर पहुंचे। इस दौरान अतुल सुभाष की दुखी मां ने मीडिया से बातचीत और अपने बेटे के सुसाइड के बारे में बताया। बेटे के बारे में बताते हुए अतुल की मां एयरपोर्ट पर रोते-रोते बेहोश हो गईं।

बेहोश होने से पहले उन्होंने कहा कि मेरे बच्चे को बहुत टार्चर किया गया है। मेरे बुढापे का सहारा चला गया। वहीं, अतुल के पिता ने कहा कि उसे (अतुल सुभाष) इतना प्रताड़ित किया गया कि वह हमसे यह बात छुपाता था। वह नहीं चाहता था कि हम परेशान हों। उन्होंने कहा कि हमारी न्याय प्रणाली बहुत कमजोर है।
हमें न्याय नहीं मिला। मेरा बच्चा सब बयान दे गया है। उसे लगता था कि हम ये सब सुनकर दुखी होंगे। उसे खूब टार्चर किया गया है। हम चाहते हैं कि कानून-व्यवस्था सही हो. मेरे बच्चे को इंसाफ मिले। इससे पहले पटना में अतुल के भाई विकास कुमार ने कहा कि मेरे भाई ने जो सुसाइड नोट लिखा है - उसकी पहली पंक्ति है - न्याय मिलना चाहिए। हमें किसी भी कीमत पर न्याय चाहिए।
खबर के मुताबिक, 34 वर्षीय बेंगलुरू के इंजीनियर अतुल सुभाष ने 9 दिसंबर को आत्महत्या कर ली थी और अपने पीछे 1.5 घंटे का एक वीडियो और 24 पन्नों का एक सुसाइड नोट छोड़ा था। वीडियो और सुसाइड नोट में अतुल ने अपनी अलग रह रही पत्नी और उसके परिवार पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
अतुल सुभाष, उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे औऱ उनका मृत शरीर बेंगलुरु के एक अपार्टमेंट में पाया गया था। उन्होंने जो सुसाइड नोट छोड़ा था, उसमें उन्होंने अपनी अलग रह रही पत्नी निकिता और उसके परिवार पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। जिसमें दहेज की मांग, अप्राकृतिक सेक्स और हत्या के आरोपों के साथ उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज करना भी शामिल था।
वहीं, अब पुलिस ने सुभाष के भाई अतुल की शिकायत के बाद उसकी पत्नी और उसके परिवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) अधिनियम की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में अतुल की पत्नी निकिता की मां ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा यह जो आरोप लगे हैं, वो सारे निराधार है। मैं सारे सबूत दुनिया के सामने रखूंगी। उन्होंने कहा कि अतुल ने अपना फ्रस्ट्रेशन हम पर निकाला है। मेरी बेटी कभी किसी को आत्महत्या के लिए नहीं उकसा सकती।












Click it and Unblock the Notifications