इस शख्स ने WhatsApp में खोजा बग, तो फेसबुक ने इनाम में दे दी लाखों की रकम
इम्फाल। सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक ने यूजर की प्राइवेसी का उल्लंघन करने वाले एक WhatsApp बग का पता लगाने पर मणिपुर के एक शख्स को सम्मानित किया है। फेसबुक ने इस शख्स को इस WhatsApp बग की खोज के लिए 5 हजार डॉलर यानी करीब तीन लाख, 46 हजार रुपये का इनाम दिया है। जिन्होंने ये WhatsApp बग खोजा है उनका नाम जोनेल सोगईजाम है, वो पेशे से सिविल इंजीनियर हैं।

जोनेल सोगईजाम ने खोजा WhatsApp बग
22 वर्षीय जोनेल सोगईजाम ने बताया, सोशल मीडिया की बड़ी कंपनी फेसबुक ने उन्हें WhatsApp बग का पता लगाने के लिए 5000 डॉलर यानी करीब तीन लाख, 46 हजार रुपये का इनाम दिया है। साथ ही उन्हें 'फेसबुक हॉल ऑफ फेम 2019' में भी शामिल किया है। इस साल के लिए 'फेसबुक हॉल ऑफ फेम' में शामिल 94 लोगों में सोगईजाम का नाम वर्तमान में 16वें नंबर पर है।

खोजा यूजर की प्राइवेसी का उल्लंघन करने वाला बग
जोनेल सोगईजाम ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बताया, "WhatsApp के जरिए वॉयस कॉल किए जाने के दौरान रिसीवर की जानकारी और मंजूरी के बिना ही ये बग इसे वीडियो कॉल में अपग्रेड कर देता है। इससे फोन करने वाला शख्स यह देख सकता है कि जिसे फोन किया गया है वह व्यक्ति क्या कर रहा है। ये एक तरह से रिसीवर की निजता का उल्लंघन है।" इस बग का पता लगाने के बाद सोगईजाम ने मार्च में फेसबुक के बग बाउंटी प्रोग्राम को इस बात की जानकारी दी, जो कि निजता के उल्लंघन के मामलों का निपटारा करता है।

फेसबुक ने दिया 5000 डॉलर (करीब 3 लाख 46 हजार) का इनाम
जोनेल सोगईजाम ने आगे कहा, "बग के संबंध में मेरी ओर से दी गई जानकारी के बाद फेसबुक की सेक्युरिटी टीम ने अगले दिन इसे माना। इसके बाद टेक्निकल विभाग ने 15-20 दिनों तक इस पर काम करके इस खामी को ठीक कर दिया।" इसके बाद फेसबुक ने सोगईजाम को भेजे एक मेल में कहा, "इस मुद्दे की समीक्षा करने के बाद हमने आपको 5000 डॉलर का इनाम देने का फैसला किया है।"












Click it and Unblock the Notifications