रायगढ़ की केमिकल फैक्ट्री में ब्लास्ट, दो की मौत, कई घायल
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के रायगढ़ में बुधवार देर रात एक केमिकल फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना तेज था कि 3-4 किलोमीटर तक इसकी आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे बचाव दल ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। साथ ही फैक्ट्री प्रबंधन धमाके की वजह का पता लगाने में जुटा है। धमाके की वजह से आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

जानकारी के मुताबिक रायगढ़ जिले के खपोली इलाके में एक फैक्ट्री के रियक्टर में रात ढाई बजे के करीब तेज धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास की इमारतों के कांच और खिड़कियां टूट गईं। कुछ लोगों का दावा है कि उनके घरों को भी नुकसान पहुंचा है। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। साथ ही घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी। घायलों में 3 सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल हैं।
वहीं आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के साथ दूसरी कंपनियों के दमकल वाहन भी मौके पर पहुंच गए थे। रातभर की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन फैक्ट्री में काफी नुकसान हुआ है। अभी तक धमाके की वजह का पता नहीं चल पाया है। इससे पहले अगस्त में पालघर की एक केमिकल फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ था। उस दौरान एक मजबूर की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications