IndiaToday Axis poll: दो तिहाई बहुमत के साथ बिहार में बना रहा तेजस्वी सरकार
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान समाप्त हो गया। मतदान खत्म होते ही सभी मीडिया संगठनों ने एग्जिट पोल दिखाया जिसके नतीजे महागठबंधन की सरकार बनाते दिख रहे हैं। इंडिया टूडे एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल के मुताबिक 243 सदस्यों वाले बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को 139-161 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, एनडीए 100 के अंदर सिमट सकता है। एनडीए के खाते में 69-91 सीटें जा सकती हैं। वहीं एलजेपी को 3-5 सीटें मिल सकती हैं।
Recommended Video

आपको बता दें कि एग्जिट पोल के मुताबिक, चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा विकास का रहा। करीब 42 फीसदी लोगों के अनुसार, विकास का मुद्दा नंबर एक पर रहा और बेरोजगारी का मुद्दा 30 फीसदी के साथ नंबर दो पर रहा। आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की रैलियों में अक्सर राम मंदिर, CAA और चीन के मसले पर बात की गई, खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सभाओं में विपक्ष पर निशाना साधा था कि विपक्षी पार्टियों को भारत माता की जय और जय श्री राम के नारों से दिक्कत है। साथ ही यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के जरिए बिहार में एनडीए ने अयोध्या के मसले को उछालने की कोशिश की।
दूसरी ओर तेजस्वी यादव और राजद की ओर से लगातार नीतीश सरकार पर निशाना साधा गया। तेजस्वी ने बार-बार सभाओं में कहा कि हम सिर्फ नीतीश सरकार की विफलताओं पर बात कर रहे हैं। गौरतलब है कि बिहार में इस बार कुल 3 चरणों में विधानसभा चुनाव हुआ है। पहले चरण के लिए 28 अक्टूबर को 71 सीट, दूसरे चरण के लिए 3 नवंबर को 94 सीट और तीसरे चरण के लिए 7 नवंबर को 78 सीटों पर मतदान हुआ। इंडिया टुडे-एक्सिस-माय-इंडिया के एग्जिट पोल में कुल 243 विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे किया गया। जबकि सर्वे का सैंपल साइज 63081 रहा।












Click it and Unblock the Notifications