मध्य प्रदेश कांग्रेस में फूट की संभावना, कमलनाथ ने सोनिया गांधी से की मुलाकात
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के लिए सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है और इस बात को खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने स्वीकार की है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस बाबत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी प्रदेश की यूनिट में अनुशासनहीनता को लेकर चिंतित हैं। हालांकि दिल्ली से भोपाल जाते वक्त कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में सबकुछ ठीक है, उन्होंने यह बात पार्टी के भीतर अंतर्कलह को लेकर एआईसीसी की अचानक बुलाई गई बैठक में शामिल होने के बाद कही।

सोनिया ने जाहिर की चिंता
कमलनाथ ने कहा कि मैं सोनिया गांधी से मिला और उन्होंने इस दौरान प्रदेश में पार्टी के भीतर अनुशासनहीनता को लेकर चिंता जाहिर की है। कमलनाथ ने पत्रकारों से कहा कि हालांकि प्रदेश में सबकुछ ठीक है। बता दें कि कमलनाथ ने मुख्यमंत्री पद के अलावा मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं। पिछले 10 दिनों में कमलनाथ की सोनिया गांधी से यह दूसरी मुलाकात है। सूत्रों की मानें तो पार्टी के भीतर बागी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की धमकी दी गई है।
हो सकती है कार्रवाई
सूत्रों की मानें तो इस बात के संकेत दिए गए हैं कि एआईसीसी अनुशासन कमेटी के अध्यक्ष एके एंटनी इस मामले को देखेंगे और देखेंगे कि क्या किसी मध्य प्रदेश के नेता ने किसी भी तरह के नियम का उल्लंघन किया है। दरअसल मध्य प्रदेश के फॉरेस्ट मिनिस्टर उमंग सिंघर ने जिस तरह से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को लेकर बयान दिया था, उसके बाद से ही मध्य प्रदेश कांग्रेस के भीतर अंतर्कलह की बात सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि दिग्विजय सिंह कमलनाथ के काम में हस्तक्षेप कर रहे हैं।
सिंधिया-दिग्विजय के बदले सुर
इससे पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी इसी तरह के बयान दिए थे। जिसके बाद साफ है कि पार्टी के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। माना जा रहा है कि दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया दोनों ही प्रदेश की कमान संभालना चाहते हैं। बता दें कि एआईसीसी के जनरल सेक्रेटरी दीपक बाबरिया ने सोनिया गांधी से मध्य प्रदेश के हालात पर मुलाकात की थी और उन्हें रिपोर्ट सौंपी थी। इस रिपोर्ट के बाद ही सोनिया गांधी ने कमलनाथ से मुलाकात की है।
नए सीएम को लेकर भी चर्चा
कमलनाथ ने कहा कि मैंने कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की है और उन्होंने हालात पर चिंता जताई है। उन्होंने उन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया है जो भविष्य में किसी भी तरह के नियम का उल्लंघन करते हैं। हालांकि माना जा रहा है कि सोनिया गांधी के साथ बैठक के बाद पार्टी के भीतर विद्रोह और बढ़ सकता है। माना जा रहा है कि सोनिया गांधी प्रदेश में नए मुख्यमंत्री के नाम पर भी मध्य प्रदेश की यूनिट से चर्चा कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications