4.93 करोड़ रुपये की बिजली चोरी, महाराष्ट्र में रिमोट कंट्रोल से सिर्फ एक शख्स ने कैसे किया कारनामा ? जानिए

पालघर, 7 नवंबर: महाराष्ट्र में रिमोट कंट्रोल और मॉडर्न गैजेट्स के इस्तेमाल से बिजली चोरी का बहुत बड़ा मामला सामने आया है। एक शख्स ने बिजली के मीटर के साथ ऐसा खेल किया कि बिजली वितरण कंपनी को करीब 5 करोड़ रुपये का चूना लग गया है। बिजली चोरी की इतनी बड़ी वारदात को बर्फ बनाने वाली एक छोटी सी फैक्ट्री में अंजाम दिया गया है। चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाले मास्टरमाइंड समेत बाकी आरोपियों की अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इधर दिल्ली सर्किल में भी बहुत बड़ी कार्रवाई चल रही है और 5 करोड़ रुपये बतौर जुर्माना वसूला जा चुका है।

बर्फ फैक्ट्री में 5 करोड़ रुपये की बिजली चोरी

बर्फ फैक्ट्री में 5 करोड़ रुपये की बिजली चोरी

महाराष्ट्र के पालघर में 4.93 करोड़ रुपये की कथित बिजली चोरी के लिए 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधिकारी ने रविवार को इसकी जानकारी दी है। एमएसईडीसीएल के जनसंपर्क अधिकारी विजय दुदभते ने बताया है कि इस सिलसिले में विरार पुलिस स्टेशन में बर्फ बनाने वाली फैक्ट्री के 4 डायरेक्टरों समेत कुल 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि प्रदेश में पिछले कुछ हफ्तों से बिजली चोरी के खिलाफ सघन अभियान चल रहा है, जिसमें से यह एक बहुत ही बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें बिजली कंपनी को करोड़ों रुपये का चूना लगाया गया है।

रिमोट कंट्रोल से कैसे हुई बिजली की चोरी ?

रिमोट कंट्रोल से कैसे हुई बिजली की चोरी ?

एमएसईडीसीएल की ओर से विरार थाने में जिन पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा किया गया है, उनमें से 4 तो संबंधित बर्फ फैक्ट्री के डायरेक्टर हैं। लेकिन, असली कारनामे के पीछे एक शख्स का हाथ है, जिसने उन्हें बिजली चोरी के लिए पूरी तकनीकी मदद पहुंचाई और पूरी व्यवस्था तैयार करके दी। बिजली कंपनी के अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा है, '30 अक्टूबर को एमएसईडीसीएल की टीम ने उस परिसर (बर्फ फैक्ट्री) का औचक निरीक्षण किया और पाया कि बिजली की खपत की रीडिंग के साथ छेड़छाड़ करने के लिए रिमोट कंट्रोल और दूसरे गैजेट्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। सिर्फ 59 महीनों में ही उस फैक्ट्री ने 27,84,364 यूनिट अतिरिक्त बिजली जलाई है, जिसकी कीमत 4,93,98,460 करोड़ रुपये है।' विरार थाने के अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मीटर से छेड़छाड़ के मामले घनसोली में भी मिले

मीटर से छेड़छाड़ के मामले घनसोली में भी मिले

महाराष्ट्र के कई इलाको में पिछले कुछ हफ्तों से बिजली चोरी पकड़ने के लिए स्पेशल ड्राइव चलाई जा रही है। पिछले महीने घनसोली इलाके में सिर्फ एक हफ्ते में ही कम से कम 488 बिजली चोरी के बड़े मामले सामने आए थे। ज्यादातर मामलों में मीटर बॉक्स से छेड़छाड़ की बात सामने आई थी और जांच में पता चला था कि 416 उपभोक्ताओं ने ही ऐसा कर के 41.12 लाख रुपये की बिजली चोरी की है। इस तरह से सिर्फ घनसोली में 488 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।

बिजली चोरी के लिए दिल्ली सर्किल में 5 करोड़ रुपये जुर्माने की वसूली

बिजली चोरी के लिए दिल्ली सर्किल में 5 करोड़ रुपये जुर्माने की वसूली

अकेले महाराष्ट्र की बात नहीं है। पिछले महीने दिल्ली सर्किल में राजधानी से सटे हरियाणा के गुरुग्राम समेत हिसार में बिजली चोरी के 1,500 मामले पकड़े गए हैं, जिनसे 5 करोड़ रुपये बतौर जुर्माने की उगाही हुई है। इस बात की जानकारी शनिवार को ही दी गई है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने पिछले महीने दिल्ली और हिसार सर्किल में 5,000 से ज्यादा जगहों पर छापा मारा है, जिसमें से ये मामले पकड़े गए हैं। अकेले गुरुग्राम में ही बिजली चोरी के 220 मामले सामने आए हैं, जिनसे 2 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है। (तस्वीरें- प्रतीकात्मक)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+