बीजेपी-कांग्रेस की शिकायतों पर EC सख्त, पत्र लिखकर जेपी नड्डा-खड़गे से मांगा जवाब
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के बीच कांग्रेस और बीजेपी ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कई शिकायतें की थी। इन शिकायतों के मद्देनजर चुनाव आयोग ने शनिवार 16 नवंबर को बीजेपी अध्यक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखा। साथ ही, चुनाव आयोग ने दोनों से एक-दूसरे की शिकायत पर टिप्पणी करने को कहा।
चुनाव आयोग ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अलग-अलग पत्र लिखकर उनसे एक-दूसरे की शिकायत पर टिप्पणी करने को कहा। आयोग ने दोनों दलों के बीच शिकायतों का आदान-प्रदान करते हुए उनसे जवाब मांगा। चुनाव आयोग ने दोनों पार्टी अध्यक्षों से सोमवार, 18 नवंबर को दोपहर 1:00 बजे तक औपचारिक जवाब मांगा है।

साथ ही, उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान 22 मई 2024 को दिए गए चुनाव आयोग के पूर्व परामर्श की याद दिलाई है, जिसमें स्टार प्रचारकों और नेताओं पर नियंत्रण रखने के लिए कहा गया था। ताकि, सार्वजनिक शिष्टाचार का उल्लंघन न हो और चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन किया जा सके।
बता दें, महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। दोनों राज्यों में राजनीतिक दल जमकर प्रचार कर रहे हैं और पार्टी के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो चली है। वहीं, इस जुबानी जंग में आपत्तिजनक बयानों को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने एक-दूसरे की शिकायत चुनाव आयोग से की है।
कांग्रेस पार्टी ने दर्ज कराई थी यह शिकायत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस ने 14 नवंबर को चुनाव अभियान के दौरान झूठे, विभाजनकारी, दुर्भावनापूर्ण और निंदनीय बयान देने का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। विपक्षी दल ने कहा था कि महाराष्ट्र और झारखंड में शेष चुनाव अभियान के लिए पीएम मोदी और शाह को चुनाव संबंधी किसी भी गतिविधि से प्रतिबंधित किया जाए।
बीजेपी ने भी लगाया था ये आरोप
11 नवंबर को बीजेपी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की शिकायत की थी। बीजेपी ने कहा था कि राहुल ने राज्यों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करने का प्रयास किया। उन्होंने संविधान की धज्जियां उड़ाईं और झूठ बोला कि भाजपा संविधान को नष्ट करने वाली है। यह झूठ है। हमने आयोग से कहा है कि इसे रोका जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications