चुनाव आयोग का भाजपा प्रत्याशी गौतम गंभीर के खिलाफ एफआईआर करने का निर्देश
चुनाव आयोग का गौतम गंभीर पर एफआईआर करने का निर्देश
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने दिल्ली की पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी गौतम गंभीर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। आयोग की ओर से पूर्वी दिल्ली के रिटर्निंग ऑफिसर को कहा गया है कि गौतम गंभीर के खिलाफ बिना अनुमति चुनावी रैली आयोजित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करें। गौतम गंभीर पर बिना अनुमति जंगपुरा में जनसभा कर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप है। 25 अप्रैल को दिल्ली के जंगपुरा में गंभीर ने ये रैली की थी।

दो जगह वोटर होने के मामले में भी शिकायत
गौतम गंभीर के खिलाफ उनके सामने आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ रही आतिशा ने दो वोटर आईडी कार्ड होने की भी शिकायत की है। आतिशी ने गंभीर खिलाफ तीस हजारी कोर्ट में आपराधिक शिकायत दर्ज की है। कोर्ट इस मामले में एक मई को सुनवाई करेगा। अतिशी ने दावा किया है कि गौतम गंभीर के पास दिल्ली के करोलबाग और राजेंद्र नगर में दो रजिस्टर मतदाता पहचान पत्र है।

आप की गंभीर का नामांकन रद्द करने की मांग
गौतम गंभीर पर अपने नामांकन में सही जानकारी ना देने का आरोप लगाते हुए और दो वोटर कार्ड रखने के लिए आम आदमी पार्टी ने उनकी उम्मीदवारी रद्द करने की मांग चुनाव आयोग से की है। वहीं बीजेपी के दिल्ली अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि गंभीर के नामांकन पत्र में सभी जानकारियां सही हैं। आप लोगों को बरगलाना चाहती है।
पढ़ें- पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट की विस्तृत जानकारी

आतिशा और अरविंदर लवली से गंभीर का मुकाबला
दिल्ली की पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर भाजपा के गौतम गंभीर का कांग्रेस के अरविंदर लवली और आम आदमी पार्टी की आतिशी से मुकाबला है। पूर्व क्रिकेटर गंभीर हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए हैं। भाजपा ने मौजूदा सांसद महेश गिरी का टिकट काट कर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से गौतम मंभीर को मैदान में उतारा है। दिल्ली में मतदान लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में 12 मई को होना है।












Click it and Unblock the Notifications