ईज ऑफ मूविंग इंडेक्स: महाराष्ट्र के शहर टॉप पर, दिल्ली-कोलकाता में सबसे खराब फुटपाथ; पढ़ें अपने शहर का हाल
पब्लिक ट्रांसपोर्ट और मूवमेंट पर नजर रखने वाले एक सर्वे में महाराष्ट्र का पुणे शहर देश में टॉप पर आता है। इसके बाद मुंबई और कोयंबटूर का नंबर है।

Ease of Moving Index: पब्लिक ट्रांसपोर्ट और मूवमेंट पर नजर रखने वाले एक सर्वे में कहा गया है कि 40 प्रमुख शहरों की सूची में सबसे ऊपर महाराष्ट्र का पुणे और पिंपरी-चिंचवड शहर है। इसके बाद मुंबई और कोयंबटूर का नंबर आता है। उसके बाद हैदराबाद, बेंगलुरु और इंदौर का स्थान रहा। ओला मोबिलिटी इंस्टीट्यूट (ओएमआई) द्वारा जारी ईज ऑफ मूविंग इंडेक्स (ईओएमआई) रिपोर्ट 2022 के अनुसार, पुणे में देश में सबसे समावेशी मोबिलिटी सिस्टम भी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि विजयवाड़ा में देश की सबसे अच्छी रोशनी वाली सड़कें हैं।
दरअसल, संयुक्त सचिव और मिशन निदेशक, स्मार्ट सिटी मिशन कुणाल कुमार और भारत में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर शोम्बी शार्प ने मंगलवार को संयुक्त रूप से रिपोर्ट लॉन्च की थी। इसमें कहा गया है कि कुल 12 शहरों को इस साल हाई स्वच्छता रेटिंग प्राप्त हुई है, जो साफ-सफाई के प्रति सार्वजनिक परिवहन उपयोगकर्ताओं की धारणा में सुधार का संकेत देती है। बंगाल की राजधानी कोलकाता में शेयर्ड मोबिलिटी को सबसे ज्यादा अपनाया जाता है और पुणे में सबसे समावेशी मोबिलिटी इको सिस्टम है।
कोलकाता-दिल्ली में सबसे खराब फुटपाथ
जबलपुर के यात्री भारत में मोबिलिटी पर सबसे कम खर्च करते हैं। वहीं, अगरतला में पैदल चलने का बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर है, लेकिन कुल मिलाकर पिछले चार सालों में देश में फुटपाथों की हालत खराब हुई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में कोलकाता और दिल्ली के फुटपाथ सबसे खराब हैं।
हालांकि, दिल्ली के पास अपने पैदल यात्री, साइकिल चलाने और समग्र सड़क सुरक्षा बुनियादी ढांचे में सुधार करने का एक जबरदस्त अवसर है। दिल्ली में देश में पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर निर्भरता में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई है। इसके बाद कोलकाता आता है। दिलचस्प बात यह है कि पंजाब के लुधियाना में महिलाओं और ट्रांस/नॉन-बाइनरी लिंग द्वारा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग सबसे ज्यादा हुआ है।
यात्रा करने के लिए कानपुर सेफ सिटी
रिपोर्ट के अनुसार, मिजोरम में आइज़ोल स्वच्छ मोबिलिटी में टॉप परफॉर्मर के रूप में उभरा। 'उभरते शहरों' में, कानपुर में विभिन्न मोबिलिटी सेवाओं के लिए कैशलेस भुगतान को सबसे अधिक अपनाया गया। इसके बाद पटना और लखनऊ का स्थान रहा। साथ ही, पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर यात्रा करने के लिए कानपुर सबसे सुरक्षित शहर के रूप में उभरा।












Click it and Unblock the Notifications