भारी बारिश की वजह से मुंबई के कई इलाकों में भरा पानी, समुद्र में उठ रहीं ऊंची लहरें
मुंबई: देश के कई हिस्सों में मानसून ने परेशानियां बढ़ा दी हैं। इस बीच भारी बारिश से मुंबई का भी बुरा हाल है। जिस वजह से वहां के कई इलाकों में पानी भर गया है। जिससे स्थानीय लोग काफी परेशान हैं और प्रशासन ने मदद की गुहार लगा रहे हैं। वहीं हाई टाइड की वजह से समुद्र भी उफान पर है। इससे एक दिन पहले शनिवार सुबह मुंबई के समुद्र में 4.57 मीटर ऊंची लहरें उठी थीं।

वहीं मुंबई के कोलाबा के रहने वाले मछुआरों के घरों में पानी भरना शुरू हो गया है। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से मदद मांगी है। एक स्थानीय निवासी के मुताबिक पिछले तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। वो निचले इलाके में रहते हैं, ऐसे में उन्हें और उनके परिवार को अब डर सता रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द मदद भेजने की मांग की है। कोलाबा के अलावा भी मुंबई के 10 इलाके ऐसे हैं, जहां पर जलभराव हो गया है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार
मौसम विभाग के मुताबिक देश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। इसके अलावा पश्चिम-मध्य और बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है। IMD की ओर से जारी Weather Forecast के मुताबिक मुंबई और इसके उप शहरी क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश हुई है। ऐसे में आज फिर से मुंबई में बारिश हो सकती है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत दी है।












Click it and Unblock the Notifications