चन्नी और सिद्धू में मतभेद जारी, बैठक के बाद भी नहीं फाइनल हो पाए प्रत्याशी
नई दिल्ली, 22 जनवरी। पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 की तारीखों की घोषणा कई दिन पहले हो चुकी है। लेकिन पंजाब कांग्रेस में अंतरकलह थमने का नाम ही नहीं ले रही है। पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए शनिवार को एक बैठक बुलाई गई। कांग्रेस मुख्य चुनाव समिति की बैठक पीसीसी प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच मतभेद के कारण अनिर्णायक रही।

सूत्र के अनुसार पार्टी ने शेष 31 सीटों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों पर चर्चा करने के लिए एक उप-समिति का गठन किया है। समिति में कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी और पंजाब की कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन शामिल हैं।
वहीं पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि
आगामी चुनाव में रोजगार सबसे बड़ा मुद्दा है। पंजाब मॉडल का लक्ष्य 10 इंडस्ट्रियल और 13 फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर बनाना है। इसी के साथ सिद्धू ने कहा कि हम मोहाली को एक आईटी हब और स्टार्टअप सिटी में बदलेंगे। हम मोहाली को उत्तर भारत की सिलिकॉन वैली के रूप में देखते हैं।
सिद्धू ने कहा
मैं एलन मस्क (टेस्ला मालिक) को पंजाब में आमंत्रित करूंगा और लुधियाना में सबसे बड़ा ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) उद्योग स्थापित करूंगा। पंजाब मॉडल मनमोहन सिंह के विकास के दृष्टिकोण की प्रेरणा है।
चुनाव में सीएम कैंडिडेट को लेकर नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि सीएम उम्मीदवार के बारे में फैसला करने के लिए हाईकमान हैं। मैंने पंजाब को किसी भी पद के लिए मॉडल नहीं बनाया। मैं पंजाब के बारे में सोचता रहता हूं। पंजाब मेरा जुनून है। मेरा इरादा राज्य के विकास के लिए काम करना है। बता दें कि पंजाब में 20 फरवरी को एक ही चरण में चुनाव होंगे, जिसके परिणाम 10 मार्च को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications