AAP की 'रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो' पदयात्रा शुरू, संजय सिंह ने पेपर लीक और महंगाई पर सरकार को घेरा

Sanjay Singh Padyatra: आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को क्रांति की धरती मेरठ के कमिश्नरी पार्क से 'रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो' पदयात्रा के पांचवें चरण का शुभारंभ किया। शहीदों को नमन करने और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुई इस पदयात्रा को मेरठ में जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिला। 16 से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक चलने वाली इस पदयात्रा की शुरुआत एक विशाल जनसभा से हुई, जहां जगह-जगह लोगों ने सांसद संजय सिंह का फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

पेपर लीक और रोजगार का मुद्दा

जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि नीट समेत अब तक 93 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब 4 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं और उनके परिवारों को जोड़ लें तो लगभग 20 करोड़ लोगों के सपनों पर भाजपा सरकार ने चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा युवाओं के रोजगार, सरकारी नौकरियों, रेडी-पटरी वालों, ठेला चालकों, छोटे व्यापारियों और बुलडोजर की कार्रवाई से उजाड़े जा रहे लोगों की आवाज उठाने के लिए निकाली गई है।

Sanjay Singh Padyatra

संजय सिंह ने आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों और बेरोजगार युवाओं से इस पदयात्रा से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि रोजगार की लड़ाई हर उस व्यक्ति की लड़ाई है, जिसका हक छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज, काशी, अयोध्या, लखनऊ, मेरठ और गाजियाबाद समेत कई शहरों में हजारों छोटे व्यापारियों और गरीबों को उजाड़ा गया, लेकिन सरकार ने उनकी सुध नहीं ली।

सामाजिक न्याय और दलित उत्पीड़न पर बयान

सामाजिक न्याय के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि आज भी देश में जाति के आधार पर भेदभाव और दलित उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कहीं दलितों को घोड़ी पर नहीं चढ़ने दिया जाता, तो कहीं मंदिर की सीढ़ियों पर अपमानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान हर नागरिक को सम्मान और बराबरी का अधिकार देता है और आम आदमी पार्टी इसी संवैधानिक अधिकार की लड़ाई लड़ रही है।

सोने की कीमत और नीरव मोदी-मेहुल चौकसी का जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक वर्ष तक सोना न खरीदने की अपील पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि आज डेढ़ लाख रुपये तोला सोना हो चुका है और 80 करोड़ लोग पांच किलो राशन पर जीवन चला रहे हैं, ऐसे में आम आदमी सोना खरीदेगा कैसे। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा सोना प्रधानमंत्री मोदी के मित्रों के पास मिलेगा। नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जैसे लोग हजारों करोड़ रुपये लेकर विदेश भाग गए, लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की।

महंगाई और पेट्रोल-डीजल पर सरकार को घेरा

महंगाई और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स के जरिए करीब 44 लाख करोड़ रुपये वसूले, जबकि तेल कंपनियों ने 3.5 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 20 से 30 डॉलर प्रति बैरल था, तब भी जनता को महंगा पेट्रोल-डीजल बेचा गया और गोदी मीडिया ने कभी सवाल नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद अडानी समूह ने गैस के दाम तीन गुना तक बढ़ा दिए।

संजय सिंह ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का बहाना बनाकर जनता पर फिर बोझ डालने की तैयारी हो रही है, जबकि सरकार और कंपनियों को जनता को राहत देनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम किया जाए, सब्सिडी दी जाए और महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि संकट के समय कंपनियों को भी कुछ घाटा सहना चाहिए, हर बार पूरा बोझ जनता पर नहीं डाला जा सकता।

पीएम मोदी की विदेश यात्राओं पर टिप्पणी

प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं पर टिप्पणी करते हुए संजय सिंह ने कहा कि देश की जनता महंगे पेट्रोल-डीजल और बेरोजगारी से परेशान है, लेकिन प्रधानमंत्री पांच देशों की यात्रा पर निकल गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को हिंदुस्तान के मुसलमानों से परहेज है, लेकिन विदेशों में मुस्लिम देशों के नेताओं को गले लगाने में कोई दिक्कत नहीं होती।

चुनावी प्रक्रिया और एसआईआर पर सवाल

एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि बिहार चुनाव से पहले ही उन्होंने एसआईआर के जरिए एकतरफा चुनाव कराने की आशंका जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल चुनाव में लाखों वोटरों के नाम जोड़े और हटाए गए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए विपक्ष और जनता को मिलकर लड़ाई लड़नी होगी और अंतिम वोटर लिस्ट आने के बाद भाजपा के खेल का पर्दाफाश होगा।

नफरत की राजनीति पर हमला

संजय सिंह ने कहा कि देश में नफरत की राजनीति बंद होनी चाहिए, क्योंकि इससे किसी का भला नहीं होता। उन्होंने जनता से भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को खारिज करने की अपील करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल शिक्षा, स्वास्थ्य और मुफ्त सुविधाओं की राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा दंगे और नफरत की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि सत्ता का अहंकार लोकतंत्र के लिए खतरनाक है और देश के क्रांतिकारियों ने सत्ता नहीं बल्कि देश बचाने की राजनीति की थी। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में सरकारी स्कूल बंद हुए, स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हुई और महंगाई चरम पर पहुंच गई, जिसका सबसे ज्यादा असर गरीब और आम हिंदू समाज पर पड़ा है।

पदयात्रा के अगले चरण और लोगों से अपील

संजय सिंह ने कहा कि पिछले चार चरणों की पदयात्राओं को जनता का भारी समर्थन मिला है और यही समर्थन इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा 70 वर्षीय शिवराम सिंह के देशभक्ति गीतों पर नाचते हुए जज़्बे और सोनभद्र के उस आदिवासी बुजुर्ग के हौसले से चल रही है, जो बिना चप्पलों के लगातार यात्रा में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष रोजगार, सामाजिक न्याय और सम्मान की लड़ाई है। संजय सिंह ने बताया कि आठ चरणों में चलने वाली यह पदयात्रा प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचेगी। उन्होंने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के खिलाफ लोगों से इस अभियान से जुड़ने और 7500040004 पर मिस्ड कॉल देने की अपील की। साथ ही कहा कि देश बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान से चलेगा और धर्मनिरपेक्ष भारत की रक्षा के लिए आम आदमी पार्टी संघर्ष जारी रखेगी।

पहले दिन यहां तक पहुंची पदयात्रा

पहले दिन की पदयात्रा कमिश्नरी पार्क से शुरू होकर कचहरी के सामने हनुमान मंदिर, बच्चा पार्क, खैरनगर चौपला, घंटाघर, डीएन कॉलेज, मेट्रो प्लाजा होते हुए ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे गणपति भवन पहुंची, जहां पहले दिन का समापन हुआ। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल रहे तथा जगह-जगह सांसद संजय सिंह का जोरदार स्वागत किया गया।

इस दौरान आम आदमी पार्टी दिल्ली के विधायक एवं यूपी सह प्रभारी सुरेंद्र चौधरी, विधायक एवं यूपी सह प्रभारी अनिल झा, पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, प्रांत महासचिव मनीष सिंह, महिला अध्यक्ष नीलम यादव, यूथ अध्यक्ष पंकज अवाना, मुजफ्फर नगर जिलाध्यक्ष अरविंद बाल्यान, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत, निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, जिलाध्यक्ष अकुंश चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे, जनक प्रसाद, प्रांत उपाध्यक्ष दिशा चैंबर, सहारनपुर जिला अध्यक्ष संजय जैन, बुलंदशहर जिला अध्यक्ष शैलेंद्र, निमित यादव सहित कई नेता मौजूद रहे।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+