रेस्टोरेंट मालिक चला रहा था ड्रग्स रैकेट, चप्पल की हील में छुपाकर मंगवाया कोकीन, हैदराबाद पुलिस ने ऐसे पकड़ा
Drug Racket Busted in Hyderabad: हैदराबाद पुलिस ने एक चौंकाने वाले ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया है जिसका जाल देश की राजधानी दिल्ली, बेंगलुरु, गोवा से होते हुए नाइजीरिया तक फैला था। यह कोई मामूली गिरोह नहीं, बल्कि एक ऐसा गिरोह था जो पूरे सोची समझी स्ट्रैटजी के हिसाब से काम करता था। इस रैकेट का मुखिया एक प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट मालिक है जो खुद ड्रग्स का इस्तेमाल करता था, बल्कि तस्कर भी निकला।
हैदराबाद पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के बाद जब साइबराबाद नारकोटिक्स पुलिस ने कार्रवाई की, तो पर्दा उठा एक ऐसे चौंकाने वाले रैकेट से जो देश के चार बड़े शहरों से होते हुए अंतरराष्ट्रीय माफियाओं तक पहुंचता था।

कोकीन चप्पल की हील में छिपाकर भेजी गई
इस केस की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कोकीन को बेहद चालाकी से एक सैंडल की हील के भीतर छिपाया गया था। ये सैंडल एक गुलाबी रंग के कार्डबोर्ड बॉक्स में पैक की गई थी और दिल्ली से एक कोरियर सेवा के जरिए भेजी गई थी। भेजने वाले का नाम "फातिमा" दर्ज किया गया था। यह जानकारी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) और NDTV की रिपोर्ट में दी गई।
Elite Action Group for Drug Law Enforcement (EAGLE) की टीम ने आरोपी की स्कॉर्पियो SUV की तलाशी में 10 ग्राम कोकीन, 3.2 ग्राम 'OG Kush' (एक हाई-पोटेंसी मारिजुआना किस्म) और 1.6 ग्राम 'एक्स्टेसी' गोलियां जब्त कीं।
कौन है आरोपी सुर्या अन्नामनेनी?
गिरफ्तार किया गया आरोपी सुर्या अन्नामनेनी 34 साल का एक इंजीनियरिंग और एमबीए ग्रेजुएट है। वह हैदराबाद के कोम्पल्ली क्षेत्र में स्थित एक रेस्टोरेंट 'मालनाडु किचन' का मालिक है। 2020 में उसने बेंगलुरु में बतौर सेल्स मैनेजर अपना करियर शुरू किया था, जिसके बाद वह हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में आ गया।
पुलिस पूछताछ में सुर्या ने स्वीकार किया कि वह खुद भी नशे का आदी है और साथ ही कोकीन और एमडीएमए जैसी मादक दवाओं की तस्करी में लिप्त है। पुलिस के अनुसार, उसने यह भी बताया कि वह ड्रग्स की खरीद नाइजीरियाई तस्करों से करता था, जो दिल्ली, गोवा और बेंगलुरु में सक्रिय हैं।
नाइजीरियन कनेक्शन और नेटवर्क के काम करने के तरिके चौंकाने वाले
सुर्या ने जिन नाइजीरियाई तस्करों के नाम पुलिस को बताए हैं, उनमें निक, जेरी, डेज़मंड, स्टैनली और प्रिंस शामिल हैं। इनसे ड्रग्स की खरीद के लिए वह नियमित रूप से बैंक खातों में पैसा ट्रांसफर करता था। ड्रग्स को घर के सामानों में छिपाकर कोरियर के जरिए भेजा जाता था ताकि कोई संदेह न हो।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ₹1.39 लाख अपने रेस्टोरेंट से जुड़ी बिज़नेस एंटिटी के जरिए ट्रांसफर किए और ₹41,000 कैश में निकाले। ड्रग्स मिलने के बाद वह या तो उसे अपनी SUV में रखता था या रेस्टोरेंट में छिपाकर ग्राहकों को सप्लाई करता था।
2021 से 2025 तक 20 बार खरीदी कोकीन
जांच में सामने आया है कि सुर्या ने 2021 से 2025 के बीच करीब 20 बार कोकीन खरीदी और इसका सेवन ज्यादातर हैदराबाद के हाई-एंड पब्स में किया। इस नेटवर्क में शामिल ग्राहक भी अधिकतर अमीर और क्लब/पब कल्चर से जुड़े लोग थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सुर्या को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
EAGLE की कार्रवाई से खुला बड़ा जाल
EAGLE (Elite Action Group for Drug Law Enforcement) ने इस छापेमारी और पूछताछ के बाद दावा किया है कि यह नेटवर्क एक संगठित और ट्रांसनेशनल ड्रग सप्लाई चेन का हिस्सा है, जिसमें विदेशी तस्कर, डिजिटल ट्रांजैक्शन, कोरियर सेवा और शहर के हाई-प्रोफाइल उपभोक्ता शामिल हैं। पुलिस अब इस केस से जुड़े अन्य संदिग्धों और फाइनेंशियल लिंक की जांच में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications