Dr Manmohan Singh Turban: पूर्व PM मनमोहन सिंह क्यों पहनते थे हल्की नीली पगड़ी?
Manmohan Singh Blue Turban: देश के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन से इस वक्त पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। पक्ष हो या विपक्ष हर कोई देश के इस दिग्गज नेता को अपने हिसाब से याद कर रहा है। सादगी प्रिय, कम बोलने वाले मनमोहन सिंह की छवि साइलेंट नेता की रही है लेकिन इन सबके साथ एक और चीज थी, जिसके बिना मनमोहन सिंह को परिभाषित करना गलत होगा और वो है उनकी 'हल्की नीली पगड़ी'।
मनमोहन सिंह चाहे सूट पहनें या फिर कुर्ता, सिर पर हमेशा नीली पगड़ी होती थी,हां यह कभी थोड़ी सी ड्रार्क तो कभी हल्की हो जाती थी लेकिन मनमोहन सिंह का टर्बन हमेशा नीला ही रहा।

जिसके पीछे एक बेहद ही खास वजह थी, जिसका खुलासा खुद मनमोहन सिंह ने साल 2006 में तब किया था जब उन्हें कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में डॉक्टरेट ऑफ लॉ से सम्मानित किया गया था।
'मेरे दोस्तों ने मेरा उपनाम ब्लू टर्बन रख दिया था'
तत्कालीन ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग और विश्वविद्यालय के चांसलर प्रिंस फिलिप ने उनकी पगड़ी के बारे में पूछा था तो उन्होंने कहा था कि 'मैं जब कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में पढ़ता था, तब से ही मैं इसी कलर का पगड़ी पहनता था, दरअसल नीला रंग मेरा फेवरेट है, मेरे दोस्तों ने मेरा उपनाम 'ब्लू टर्बन' रख दिया था।'
'इस रंग की पगड़ी से लगाव हो गया...'
'तब से ही मुझे इस रंग की पगड़ी से लगाव हो गया क्योंकि कहीं ना कहीं ये मेरी पहचान बन गई थी, जो कि मेरे छात्र जीवन की असीम खूबसूरत यादों से जुड़ी हुई है, इसलिए मैं हमेशा नीली पगड़ी पहनता हूं।'
नीली पगड़ी से जुड़े थे सम्मान
ये बातें ये पूरी तरह से साबित करती हैं कि पूर्व पीएम के लिए इमोशंस के क्या मायने थे। नीली पगड़ी केवल उनके लिए महज एक रंग या परंपरा नहीं बल्कि उन दोस्तों का प्यार था, जिनके साथ उनकी कॉलेज जीवन बीता था और उनका ये प्रेम उनकी जिंदगी की आखिरी सांस तक बना रहा।
'पूर्व प्रधानमंत्री का पार्थिव शरीर कल सुबह 8:30 बजे पार्टी कार्यालय में रखा जाएगा'
आपको बता दें कि पूर्व पीएम का अंतिम संस्कार शनिवार को होगा। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, 'पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कल सुबह 8:30 बजे पार्टी कार्यालय में रखा जाएगा ताकि पार्टी कार्यकर्ता उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें। उसके बाद पारिवारिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा। '
वह एक सच्चे सज्जन प्रधानमंत्री थे: रणदीप सुरजेवाला
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने आगे कहा, "वह एक सच्चे सज्जन प्रधानमंत्री थे, जो सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और पारदर्शिता के प्रतीक थे। वह अत्यंत सादगी वाले एक उल्लेखनीय व्यक्ति थे... पूरा देश शोक में है, आज हर सही सोच वाला व्यक्ति सोचता है कि यह क्षति अपूरणीय है।'












Click it and Unblock the Notifications