दिल्ली में कोरोना वायरस का कहर जारी, अब सरकारी अस्पताल के डॉक्टर की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
नई दिल्ली। मौजपुर और बाबरपुर इलाके के मोहल्ला क्लीनिक में डॉक्टर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब राजधानी दिल्ली के सरकारी अस्पताल में एक डॉक्टर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की खबर आ रही है। राजधानी में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है और इनकी संख्या 120 तक पहुंच गई है।

मंगलवार को दिल्ली के बाबरपुर इलाके में मोहल्ला क्लिनिक में एक और डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव मिला था। इसके बाद प्रशासन ने इलाके में नोटिस चस्पा दिया है जिसमें कहा गया है कि जो भी मरीज या अन्य लोग 12 मार्च से 20 मार्च के बीच इस मोहल्ला क्लीनिक में इलाज कराने आए हों, वे अगले 15 दिन तक अपने घर में ही क्वारंटाइन रहें।
इससे पहले, उत्तर पूर्वी दिल्ली के ही मौजपुर इलाके के मोहल्ला क्लीनिक का डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव मिला था। वहीं, कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे के बीच दिल्ली में तबलीगी जमात के आयोजन में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले कई लोग कोरोना संक्रमण से संक्रमित पाए गए हैं। इस कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद कई लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में गए, जिसके बाद बड़े स्तर पर संक्रमण फैलने का खतरा मंडरा रहा है।
देश में कोरोना वायरस के अबतक कुल 1397 मामले आ चुके हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के 146 नए मामले सामने आए हैं, वहीं अच्छी खबर यह है कि इसके संक्रमण से 124 लोग ठीक हो चुके हैं। कुल 49 विदेशी भी इस बीमारी से पीड़ित हैं। भारत में कोरना वायरस से अबतक 35 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना से सबसे अधिक महाराष्ट्र प्रभावित है। यहां अब तक 300 से ज्यादा केस आए हैं, जिसमें 10 लोगों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications