क्या शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के बारे में आपको ये बातें पता हैं ? उनके बारे में सबकुछ जानिए
मुंबई, 3 अक्टूबर: बॉलीवुड के बड़े स्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान रेव पार्टी में शामिल होने के आरोपों के चलते बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) उनसे मुंबई से गोवा जा रहे क्रूज शिप पर हो रही रेव पार्टी में शामिल होने को लेकर लगातार पूछताछ कर रही है। इस खबर से बॉलीवुड में सनसनी मच चुकी है और किसी की जुबान नहीं खुल पा रही है। अभी तक शाहरुख के बेटे अपनी प्राइवेट लाइफ को छिपा कर रखते थे, लेकिन इस बार वह ऐसे मामले में फंसे हैं कि बहुत कुछ सार्वजनिक होने का डर है। उनके मोबाइल की भी छानबीन हो रही है। बहरहाल, आइए अभी उन बातों के बारे में जानते हैं जो शायद आपको नहीं पता होगा।

कौन हैं आर्यन खान ?
आर्यन खान बॉलीवुड के स्टार शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान की पहली संतान हैं। दोनों की दो और संतानें हैं। बेटी का नाम सुहाना खान है और दूसरे बेटे का नाम अबराम खान है। आर्यन खान इसी साल अमेरिका की एक यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएट हुए हैं। उन्हें यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफॉर्निया से डिग्री मिली है। उन्हें यह डिग्री सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए ग्रैजुएशन समारोह में दी गई है। इस साल मई में उनकी एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें आर्यन खान हाथ में ग्रैजुएशन के सर्टिफिकेट का साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर पर उनका नाम आर्यन शाहरुख खान लिखा हुआ है। यही डिग्री उन्हें साल 2020 के लिए बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स, सिनेमैटिक आर्ट्स, फिल्म एंड टेलीविजन प्रोडक्शन के लिए स्कूल ऑफ सिनेमैटिक आर्ट्स की ओर से मिली है। वे 2016 में लंदन के सेवन ओक्स हाई स्कूल से भी ग्रैजुएट हैं। (ऊपर की तस्वीर सौजन्य: आर्यनखानफॉरओवर के इंस्टाग्राम पोस्ट से)
Recommended Video

आर्यन खान अभिनेता नहीं बनना चाहते-शाहरुख
एक अखबार को दिए इंटरव्यू में शाहरुख खान ने एक बार खुद खुलासा किया था कि उनके बेटे फिल्मी दुनिया में आना तो चाहते हैं, लेकिन उनकी दिलचस्पी ऐक्टिंग से ज्यादा डायरेक्शन के क्षेत्र में है। बॉलीवुड के बादशाह खान ने कहा था, 'मेरी बेटी और मेरे बेटे को ऐक्टर बनने के लिए तैयार नहीं किया गया है। सुहाना का झुकाव ऐक्टर बनने की ओर है। वह 6 महीने में स्कूल खत्म करके अभिनय में ट्रेनिंग लेने तीन-चार साल के लिए एक शैक्षणिक संस्थान में जाएगी। आर्यन अभिनेता नहीं बनना चाहता है, वह फिल्में बनाना चाहता है, डायरेक्टर बनना चाहता है और इसके लिए यूएस में ट्रेनिंग ले रहा है। अबराम का मुझे नहीं पता, हालांकि एक रॉक स्टार बनने के लिए काफी अच्छा दिखता है.....।'

बचपन में हिंदी फिल्मों में दिख चुके हैं आर्यन खान
वैसे तो शाहरुख खान के मुताबिक आर्यन खान की अभिनेता बनने में रुची नहीं है। लेकिन, 'कभी खुशी-कभी गम' नाम की बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म में वह छोटा सा किरदार निभा चुके हैं। वह इसमें राहुल (शाहरुख खान) के बचपन के किरदार में नजर आए थे। फिल्म में आर्यन खान (राहुल की भूमिका में ) जय बच्चन की बाहों में नजर आए थे। यही नहीं अपने पिता की एक और फिल्म में वह दिख चुके हैं। यह थी- शाहरुख और प्रीति जिंटा की फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना'।
'द लायन किंग' में आर्यन खान ने दी थी आवाज
2019 में आर्यन खान ने फिल्म 'द लायन किंग' के हिंदी वर्जन को भी डब किया था। उन्होंने सिम्बा के किरदार को अपनी आवाज दी थी और लगता था कि वह शाहरुख खान की आवाज में ही बोल रहे हों। उस साल जून में पूरा देश जब आईसीसी वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का जोश बढ़ाने में लगा हुआ था तो शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर अपने बेटे को सिम्बा के रूप में एक अनोखे अंदाज में पेश किया था। उन्होंने खुद की और आर्यन की टीम इंडिया की जर्सी वाली तस्वीर शेयर की थी। शाहरुख खान की जर्सी पर मुस्तफा लिखा था और आर्यन की जर्सी पर सिम्बा। इससे पहले शाहरुख आर्यन की आवाज की काफी तारीख कर चुके थे।

आर्यन खान और नव्या नवेली नंदा को लेकर अफवाह
आर्यन खान बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा के करीबी दोस्त हैं। शुरू में ऐसी अफवाहें उड़ चुकी हैं कि दोनों एक-दूसरे को डेटिंग कर रहे हैं। लेकिन, दोनों के परिवारों की ओर से साफ किया गया कि ये दोनों सिर्फ एक अच्छे मित्र हैं। बाद में नव्या ने भी कहा कि वो आर्यन खान को डेट नहीं कर रही हैं। लेकिन, अब आर्यन खान 'ड्रग पार्टी' में शामिल होने के आरोपों को लेकर विवाद में आ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications