'जाने भी दो यारों' और 'नुक्कड़' के निर्देशक कुंदन शाह का दिल का दौरा पड़ने से निधन
मुंबई। जाने-माने फिल्म निर्देशक और लेखक कुंदन शाह का मुंबई में निधन हो गया। 69 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ। फिल्म 'जाने भी दो यारों' से उनकी खास पहचान बनी। कुंदन शाह ने कई बेहतरीन फिल्में बनाईं। साथ ही साथ उन्होंने कई लोकप्रिय टीवी सीरियल्स भी बनाए हैं।

मुंबई में अपने आवास पर ली आखिरी सांस
जानकारी के मुताबिक कुंदन शाह का निधन मुंबई स्थित उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से हुआ। फिल्म 'जाने भी दो यारों' के अलावा कुंदन शाह ने 'खामोश', 'हम तो मोहब्बत करेगा', 'कभी हां कभी ना' और 'पी से पीएम तक' जैसी कई फिल्मों को डायरेक्ट किया था। टीवी सीरियल्स की बात करें तो उन्होंने 'नुक्कड़' और 'वागले की दुनिया' जैसे प्रसिद्ध धारावाहिक को बनाया।
कुंदन शाह ने पुणे स्थित फिल्म एंड टेलिविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से निर्देशन की पढ़ाई की। 1983 में उन्होंने फिल्म में डेब्यू किया। एफटीआई पुणे से निकलने के बाद कुंदन शाह की पहली फिल्म बतौर डायरेक्टर 'जाने भी दो यारों' थी। ये फिल्म हिंदी सिनेमा की क्लासिक फिल्मों में से एक मानी जाती है। उन्हें इस फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिला था।












Click it and Unblock the Notifications