दिलीप कुमार के छोटे भाई असलम खान का निधन, दूसरे भाई अहसान खान की हालत गंभीर
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार के छोटे भाई असलम खान का शुक्रवार सुबह निधन हो गया है। उन्हें मधुमेह, उच्च रक्तचाप और इस्केमिक दिल की बीमारी थी। इसके साथ ही वह कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए थे। इस बात की जानकारी मुंबई के लीलावती अस्पताल ने दी है। असलम खान के अलावा अभिनेता के और भाई अहसान खान भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उनकी हालत इस वक्त गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे दोनों
दिलीप कुमार के दोनों भाइयों अहसान खान और असलम खान को बीते हफ्ते लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों ही कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित पाए गए थे। जहां अहसान खान की उम्र 90 साल है, वहीं कहा जा रहा है कि असलम खान उनसे उम्र में कुछ साल ही छोटे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, असलम खान को नॉन-इनवेसिव वेंटिलेटर पर रखा गया था। इलाज के बावजूद उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।

सायरा बानो ने क्या कहा था?
इससे पहले दिलीप कुमार की पत्नी और अभिनेत्री सायरा बानो ने कहा था कि दोनों भाई जल्द ठीक होकर घर वापस आ जाएंगे। उन्हें लीलावती अस्पताल के डॉक्टर्स पर पूरा भरोसा है। वहीं दिलीप कुमार की बता करें तो वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं और घर पर आराम कर रहे हैं। 97 साल के दिलीप कुमार ने ट्वीट करते हुए लोगों को घर पर रहने की सलाह भी दी थी। उन्होंने चार पंक्ति की एक कविता ट्वीट करके कहा था, 'दवा भी दुआ भी, औरों से फासला भी, गरीब कि खिदमत, कमजोर कि सेवा भी'।

कई सेलिब्रिटी हुए कोरोना से संक्रमित
बता दें देश में कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ रहा है, कई सेलिब्रिटी इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। बीते महीने अभिनेता अमिताभ बच्चन के परिवार को भी कोरोना वायरस संक्रमण हो गया था। उनके बेटे अभिषेक बच्चन, बहू एश्वर्या राय बच्चन, पोती आराध्या बच्चन और अमिताभ बच्चन खुद वायरस की चपेट में आ गए थे। हालांकि अब उनका पूरा परिवार ठीक हो चुका है और घर पर है। इनके अलावा कनिका कपूर, जोया मोरानी, सतीष शाह और कई अन्य सेलिब्रिटी भी वायरस से संक्रमित हो गए थे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने खुद को 3 दिन के लिए किया होम क्वारेंटीन












Click it and Unblock the Notifications