दिग्विजय ने पोस्ट की मेरठ में तैनात जूनियर डॉक्टर की तस्वीर, तो लोगों ने बाबा रामदेव से कहा शर्म करो
नई दिल्ली, मई 24। योग गुरु बाबा रामदेव के एलोपैथी डॉक्टरों को लेकर दिए विवादित बयान को लेकर अभी तक घमासान थम नहीं रहा है। हालांकि उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन के कहने के बाद अपना बयान वापस ले लिया था और माफी मांगी थी, लेकिन इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने इस विवाद को फिर से हवा दे दी है। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने फेसबुक पर मेरठ की एक डॉक्टर की फोटो शेयर की है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने बाबा रामदेव को ट्रोल करना शुरू कर दिया है।

दिग्विजय सिंह की फोटो में क्या है ऐसा?
दिग्विजय सिंह ने जो फोटो शेयर की है, वो मेरठ की एक जूनियर डॉक्टर निकिता की है, जिनकी उम्र सिर्फ 24 साल है। निकिता की ड्यूटी ICU में लगी हुई है, जहां डेली 8-10 ब्लैक फंगस के मामले सामने आ रहे हैं। निकिता का कहना है कि हम रोजाना बहुत रिस्क में काम करते हैं, लेकिन हमारा मुख्य लक्ष्य मरीजों की जान बचाना है, लेकिन ऐसे में जब बाबा रामदेव जैसों के बयान देखते हैं तो बहुत दुख होता है। निकिता का कहना है कि हम पैसों को ध्यान में रखकर काम नहीं करते बाबाजी, मुझे 12 हजार रुपए महीना मिलता है, आपको शर्म आनी चाहिए।
बाबा रामदेव ने दिया था विवादित बयान
दिग्विजय सिंह के इस पोस्ट पर लोगों की नाराजगी भरे कमेंट देखने को मिल रहे हैं, जो बाबा रामदेव के खिलाफ हैं। आपको बता दें बाबा रामदेव ने एलोपैथी को लेकर एक विवादित बयान दिया था, जिसको लेकर काफी विवाद हुआ। बाद में स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन के कहने पर बाबा रामदेव ने अपने बयान को लेकर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि हर्षवर्धन जी आपका लेटर मुझे मिला, जिसके बाद मैं अपने बयान को लेकर माफी मांगता हूं। रविवार को देर शाम रामदेव ने कहा कि वे मेडिकल साइंस के सभी रूपों का सम्मान करते हैं। एलोपैथी ने कई जानें बचाई हैं। आपको बता दें कि रामदेव के बयान का डॉक्टरों ने कड़ा विरोध जताया था।












Click it and Unblock the Notifications