'वे ईसाई धर्म का पालन कर सकते हैं लेकिन ...': धीरेंद्र शास्त्री ने फिर किया 'हिंदू राष्ट्र' का दावा
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर स्वयंभू धर्मगुरु पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जनवरी 2023 में उस वक्त चर्चाओं में आए, जब नागपुर की संस्था अंधश्रद्धा उन्मूलन समित ने उनतो अपनी दिव्य शक्तियों को साबित करने की चुनौती दी।

स्वयंभू धर्मगुरु धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, जिन्हें बागेश्वर धाम सरकार के नाम से भी जाना जाता है, फिर से भारत को 'हिंदू राष्ट्र' बनाने का दावा किया है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने शनिवार को एक बार फिर से दावा किया कि भारत जल्द ही एक "हिंदू राष्ट्र" बनेगा। उन्होंने कहा कि "विदेशी भी ऐसा भारत चाहते हैं भारत हिंदू राष्ट्र हो, जहां हर कोई गर्व के साथ हिंदुत्व कह सके।" पिछले महीने से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपनी चमत्कारी शक्तियों को लेकर सुर्खियों में हैं। वो देश के बड़े-बड़े न्यूज चैनलों पर अपना मत साफ कर चुके हैं कि वो भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग करते रहेंगे।

'भारत 'हिंदू राष्ट्र' बन जाएगा...'
समाचार एजेंसी एएनआई ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के हवाले से कहा, ''भारत 'हिंदू राष्ट्र' बन जाएगा। आज हमारे कार्यक्रम में विदेशों से भी लोग आए। वे ईसाई धर्म का पालन कर सकते हैं लेकिन 'सनातन धर्म' में विश्वास करते हैं। इसका मतलब यह है कि विदेशी भी एक ऐसा भारत चाहते हैं जहां हर कोई सभी जातिगत मतभेदों को दूर करते हुए गर्व के साथ हिंदुत्व कह सके। हम हिंदुस्तानी हैं। हिंदुस्तान का अर्थ है 'हिंदुओं का स्थान।''

'सरकार बनाने की हमारी कोई महत्वाकांक्षा नहीं...'
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, ''सत्ता में आने या सरकार बनाने की हमारी कोई महत्वाकांक्षा नहीं है। लेकिन अगर कोई हमारा साथ देना चाहता है तो उसका स्वागत है। हम सभी हिंदुओं से हमारा समर्थन करने का आह्वान कर रहे हैं। भारत बहुत जल्द एक हिंदू राष्ट्र बन जाएगा।''

कब विवादों में आए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
पिछले महीने नागपुर की एक संस्था अंधश्रद्धा उन्मूलन समित ने अपने सार्वजनिक कार्यक्रमों में कथित रूप से अंधविश्वास गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए शास्त्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि पुलिस ने उन्हें 'क्लीन चिट' दे दी थी। 'अखिल भारतीय अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति' के संस्थापक श्याम मानव ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें कहा गया था कि शास्त्री ने 5 जनवरी से 13 जनवरी तक नागपुर में 'श्री राम कथा' कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसके दौरान उन्होंने 'दिव्य दरबार' और 'प्रेत दरबार' कार्यक्रम आयोजित किए थे। जो अंधविश्वास को बढ़ावा देता है।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को मिली थी चुनौती
9 जनवरी 2023 को श्याम मानव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को अपनी शक्ति 'दिव्य शक्ति' साबित करने और 30 लाख नकद इनाम जीतने की चुनौती दी थी। चुनौती का जवाब देते हुए, मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, ''ऐसे लोग आते रहते हैं। हम बंद दरवाजों के भीतर काम नहीं करते हैं। उन्हें चुनौती खुद आकर देखना चाहिए। कोई भी मेरे शब्दों और कार्यों को कैमरे पर चुनौती दे सकता है। बागेश्वर बालाजी के दरबार में लाखों लोग आकर बैठते हैं। मैं उन चीजों के बारे में लिखूंगा जो मुझे प्रेरित करती हैं और जो कुछ भी मैं लिखता हूं वह सच हो जाता है। मुझे अपने भगवान पर भरोसा है।"

"हर किसी को इसका अनुभव करना चाहिए...''
अपने भक्तों के भविष्य के बारे में जिस चिट में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री लिखते हैं, उसके बारे में उन्होंने कहा, 'मैंने भगवान, हमारे गुरुओं की कृपा से और सनातन धर्म के मंत्रों की शक्ति से कौशल हासिल किया है। हर किसी को इसका अनुभव करना चाहिए। यह सत्य सनातन धर्म की उद्घोषणा है।''
यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी छवि खराब करने वाले और उनकी शक्तियों पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, उन्होंने कहा, ''बागेश्वर धाम की जनता उन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी। सनातन धर्म के खिलाफ बोलने वाले का बहिष्कार किया जाएगा।''












Click it and Unblock the Notifications