चीनी कंपनी को बड़ा झटका, रेलवे ने रद्द किया 471 करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट
नई दिल्ली। भारत और चीनी सेना के बीच लद्दाख में पिछले दिनों हिंसक झड़प के बाद देश भर में चीनी कंपनियों और उत्पादों का विरोध हो रहा है। बीएसएनल द्वारा चीनी कंपनी का टेंडर रद्द किए जाने के बाद अब चीन की एक बड़ी इंजीनियरिंग कंपनी ने भारतीय रेलवे के साथ हुआ एक बड़ा कॉन्ट्रैक्ट गंवा दिया है। डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (DFCCIL) ने बीजिंग नेशनल रेलवे रिसर्च एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट ऑफ सिग्नल एंड कम्युनिकेशन ग्रुप कंपनी लिमिटेड के साथ किए गए अनुबंध को रद्द कर दिया है।
Recommended Video

इस प्रोजेक्ट की लागत 471 करोड़ रुपये थी
रेल मंत्रालय के अधीन काम करने वाले डेडिकेटेड फ्राइट कॉरिडोर कार्पोरेशन ऑफ इंडिया ने बीजिंग नेशनल रेलवे रिसर्च एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट ऑफ सिगनल एंड कम्यूनिकेशंस ग्रुप कंपनी लिमिटेड को कॉन्ट्रैक्ट कैंसिल करने का बुधवार को ऐलान किया। रेलवे ने अनुबंध रद्द करने की मुख्य वजह लेटलतीफी बताई है। इस चीनी कंपनी को कानपुर से दीन दयाल उपाध्याय रेलवे सेक्शन के बीच 417 किमी के सेक्शन में सिग्नलिंग और टेलीकॉम का काम दिया गया था। इस प्रोजेक्ट की लागत 471 करोड़ रुपये थी।

इस कारण से रद्द किया अनुबंध
रेलवे की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, बीजिंग नेशनल रेलवे रिसर्च एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट ऑफ सिगनल एंड कम्यूनिकेशंस ग्रुप कंपनी लिमिटेड को कॉन्ट्रैक्ट दिए जाने के 4 साल बीत जाने पर भी अभी तक सिर्फ 20 फीसदी काम ही कर पाई थी। काम बेहद धीमी गति से किया जा रहा था। चीनी कंपनी को यह कॉन्ट्रैक्ट 2016 में दिया गया था। इसके साथ ही इस नोटिस में चीनी कंपनी से लोकल एजेंसियों से टाईअप ना करने का कारण भी दिया गया है।

बीएसएनएल ने भी चीनी उपकरण खरीद पर लगाई रोक
इससे पहले भारत सरकार के संचार विभाग ने ऐलान किया था कि बीएसएनएल के 4G इक्विपमेंट को अपग्रेड करने के लिए चीनी सामान का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। सरकारी सूत्रों की मानें तो मंत्रालय ने बीएसएनएल से कहा है कि सुरक्षा कारणों के चलते चीनी सामान का इस्तेमाल नहीं किया जाए। विभाग ने इस संबंध में टेंडर पर फिर से काम करने का फैसला किया है। विभाग निजी मोबाइल सेवा ऑपरेटरों से चीनी कंपनियों द्वारा बनाए गए उपकरणों पर उनकी निर्भरता को कम करने के लिए भी विचार कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications