फडणवीस ने उद्धव ठाकरे से पूछा- अपनी पार्टी के विधायकों पर ही यकीन नहीं? होटल में बना रखा है 'बंधक'
Recommended Video
मुंबई। महाराष्ट्र में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से भारतीय जनता पार्टी ने शिवसेना और कांग्रेस-एनसीपी पर हमले और तेज कर दिए हैं। महा विकास अघाड़ी की राज्य में सरकार बनने के बाद बीजेपी और शिवसेना के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने कई ट्वीट्स करते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा है।

फडणवीस ने पूछा, तो..बहुमत के दावे क्यों?
30 सालों से अधिक वक्त तक साथ रहने के बाद बीजेपी और शिवसेना की राहें अलग हो गई थीं। उद्धव ठाकरे के सीएम बनने के बाद फडणवीस ने कहा कि महा विकास अघाड़ी ने न्यूनतम साझा कार्यक्रम की घोषणा की, लेकिन ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि इसमें मराठवाड़ा, विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र का कोई जिक्र नहीं किया गया। उम्मीद है कि नई सरकार इसपर गौर करेगी। फडणवीस ने पूछा, 'नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में परेशान किसानों के लिए राहत पर चर्चा करने के बजाय बहुमत साबित करने के बारे में चर्चा की गई। फिर ये बहुमत के दावे क्यों?
शिवसेना के विधायकों को होटल में बंद रखा जा रहा है- फडणवीस
फडणवीस ने कहा, 'यदि सरकार के पास बहुमत है, तो फिर चालाकी से सत्र बुलाने की योजना क्यों बना रहे हैं? क्यों कानून को धता बताकर प्रोटेम स्पीकर को बदलने की कोशिश की जा रही है?' शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए बीजेपी नेता ने पूछा कि अपनी ही पार्टी के विधायकों पर विश्वास नहीं है? क्यों उन्हें नजरबंद रखा जा रहा है। उन्होंने पूछा कि जब बीजेपी ने विपक्ष में बैठने को कह दिया, फिर क्यों शिवसेना के विधायकों को होटल में बंद रखा जा रहा है?

गठबंधन को अपने ही विधायकों पर यकीन नहीं- फडणवीस
फडणवीस ने शिवसेना पर निशाना साधते हुए कहा कि जब गठबंधन सरकार ने सदन में इतने बड़े बहुमत का दावा किया तो यह लुका-छिपी का खेल और डर क्यों? महाराष्ट्र की जनता इसका जवाब चाहती है। बता दें कि फडणवीस ने शनिवार को दूसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जबकि बीजेपी के साथ आए एनसीपी नेता अजित पवार को उप मुख्यमंत्री बनाया गया था। लेकिन दो दिन बाद ही अजित पवार ने इस्तीफा दे दिया और एनसीपी में वापस लौट गए। इसके बाद देवेंद्र फडणवीस को भी इस्तीफा देना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications