राजस्थान में शाह बोले- उप मुख्यमंत्री CM बनना चाहते हैं और मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को जयपुर में पार्टी के संकल्प केंद्र सम्मेलन को संबोधित किया। रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने राजस्थान में कांग्रेस की सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कहा कि गठबंधन केवल मोदी हटाओ के नारे साथ आगे बढ़ रहा है। राहुल गांधी इस गठबंधन के नेता का नाम बताएं।

डिप्टी सीएम मुख्यमंत्री बनना चाह रहे हैं
इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने राज्य की गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में उपमुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। जबकि मुख्यमंत्री अपनी सीट को सुरक्षित करने में जुटे हुए हैं। जबकि जनता पीड़ित हो रही है। इसके साथ-साथ अमित शाह ने आगामी लोकसभा चुनाव को न केवल भारतीय जनता पार्टी बल्कि पूरे भारतवर्ष के लिए महत्वपूर्ण बताया। इसके साथ-साथ उन्होंने विश्वास जताया कि 2019 में और अधिक बहुमत के साथ केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार सत्ता में आएगी।

जवानों के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देगी मोदी सरकार
इसके अलावा बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए पुलवामा आतंकी हमले पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पूरा देश 45 शहीद जवानों के परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। भाजपा की नरेन्द्र मोदी सरकार इनके बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देगी। इनकी शहादत का उचित जवाब सेना द्वारा दिया जाएगा। आतंकवाद को जवाब देने की जितनी राजनीतिक इच्छा शक्ति नरेन्द्र मोदी जी में है, उतनी विश्व के किसी नेता में नहीं है। आगे कहा कि सेना को मजबूत करना, आधुनिक बनाना, जवानों को हथियार देना ये सभी चीजों पर भाजपा सरकार ने अच्छे कामों की शुरुआत की है। भाजपा सरकार ने मजबूत नीति के साथ आतंकवाद को जवाब देने की शुरूआत की है और इसमें सफलता भी प्राप्त की है।
भाजपा पराजय से कभी निराश नहीं होती है
अमित शाह ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में पार्टी की हार पर कहा कि भाजपा न कभी पराजय से निराश होती है, न कभी जीत का अहंकार रखती है। हम सेवा भाव से कार्य करने वाले दल हैं। हमारा लक्ष्य सत्ता पाना नहीं, बल्कि लोगों की सेवा करना है। आज भाजपा की 16 राज्यों में सरकारें हैं। पार्टी का विस्तार कई नए क्षेत्रों में हुआ है। उत्तर के साथ नॉर्थ ईस्ट पर भी हमें जीत मिली है। अब आगे उड़ीसा और बंगाल में भी भाजपा का झंडा लहराएगा। 2019 में विचारधाराओं के बीच का चुनाव होना है। एक ओर विचारधारा, योजनाओं के आधार पर गरीब कल्याण का काम करने वाली भाजपा है और दूसरी ओर सत्ता प्राप्त करने का एकमात्र लक्ष्य रखने वाले स्वार्थी लोगों का गठबंधन है।












Click it and Unblock the Notifications