दिल्ली में कोहरे से बुरा हाल, 24 ट्रेनें लेट, 4 विमान करने पड़े डायवर्ट
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में इस बार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिसने पहले के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 27 दिसंबर की रात राजधानी की सबसे ठंडी रात बताई जा रही है। कोहरे के कारण विमान और ट्रेन सेवा प्रभावित हो रही हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, दिल्ली में कोहरे के चलते 4 विमानों को डायवर्ट करना पड़ा।

कोहरे के कारण विमानों को CAT III-B (instrument landing system) पर चलाना पड़ रहा है। वहीं 24 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह 6.10 बजे दिल्ली का तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान आज 1.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
जिससे जाहिर है ठंड पहले से कहीं अधिक बढ़ जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 8.30 बजे- सफदरगंज एन्कलेव का तापमान 2.4, लोधी रोड का 1.7 और अया नगर का 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
देशभर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिससे लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में काफी बर्फबारी हो रही है, जिसका असर उत्तर भारत पर भी पड़ रहा है। यहां का तापमान आए दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी मैदानी इलाकों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी सर्द मौसम की स्थिति बनी रहेगी।
तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा में हल्की वर्षा होने की संभावना है। जबकि उत्तर पूर्वी राज्यों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति और तेज होने की उम्मीद है। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर 'खराब' से 'बेहद खराब' श्रेणी में रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications