दिल्ली वक्फ बोर्ड का फैसला, कोरोना से मरने वालों के लिए की अलग कब्रिस्तान की व्यवस्था
कोरोना से मरने वालों को दफनाने के लिए होगा अलग कब्रिस्तान- दिल्ली वक्फ बोर्ड
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की मौत के बाद उनकी अंत्येष्टि में आ रही परेशानियों को देखते हुए दिल्ली वक्फ बोर्ड ने अलग से एक कब्रिस्तान इसके लिए निर्धारित किया है। इस संबंध में दिल्ली वक्फ बोर्ड के सीईओ एसएम अली ने दिल्ली सरकार के सचिव (स्वास्थ्य) को पत्र लिखा है। राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के 903 मामले सामने आ चुके हैं और 14 लोगों की मौत हो चुकी है।

दिल्ली सरकार को लिखे पत्र में एसएम अली ने कहा है, 'जैसा कि आप जानते हैं कि हम COVID-19 के प्रसार और इसके प्रभावों के कारण मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। दैनिक आधार पर बहुत सारी कठिनाइयां सामने आ रही हैं। ऐसे ही एक बड़ी समस्या संक्रमित मरीजों की मौत के बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर है।'
एसएम अली ने इस पत्र में कहा है, 'ऐसी खबरें आ रही हैं कि जानकारी के अभाव में आम जनता दिल्ली के कब्रिस्तानों में कोविड-19 से मरने वालों को दफनाने की अनुमति नहीं दे रही है, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। इसलिए ऐसे मरीजों की मौत के बाद उनको दफनाने के लिए एक कब्रिस्तान निर्धारित कर रहे हैं, जो मिलेनियम पार्क के पास रिंग रोड पर स्थित है।' पत्र में कहा गया है कि इस कब्रिस्तान का इस्तेमाल COVID-19 से मरने वालों को दफनाने के लिए किया जा सकता है।
बता दें कि दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 903 हो गई है, संक्रमित होने वालों में 584 मरकज से जुड़े लोग हैं। इस वायरस के कारण 14 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में 30 जगहों को कोरोना हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। पिछले 24 घंटे में राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के 183 मामले सामने आए हैं जिसमें 154 मरकज से जुड़े हैं। पिछले तीन दिनों में चांदनी महल में 3 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications