दिल्ली से वडोदरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, जयपुर में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
नई दिल्ली, 14 जुलाई: विमान कंपनियों के लिए जुलाई का महीना काफी बुरा जा रहा, जहां लगातार विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग हो रही है। गुरुवार को दिल्ली से वडोदरा जा रहे इंडिगो के विमान 6E-859 में कुछ तकनीकी खराबी आ गई। जिस वजह से उसकी जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। फिलहाल विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक जब विमान दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ा तो कुछ ही देर बाद उसके इंजन में वाइब्रेशन होने लगा। इस पर पायलट्स ने नजदीकी एयरपोर्ट से संपर्क किया, जिसके बाद जयपुर में इसकी लैंडिंग करवाई गई। ये दिक्कत विमान में क्यों आई और उसमें कितने यात्री सवार थे, अभी तक एयरलाइन ने इस बारे में जानकारी नहीं दी है। उनकी ओर से बस इतना बताया गया कि विमान की जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग हो गई है और उसकी जांच की जा रही।
बुधवार को भी ऐसी ही घटना
अभी बुधवार को भी इंडिगो के एक विमान की कोलकाता एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। उस दौरान विमान में 141 यात्री सवार थे। हालांकि सभी पूरी तरह से सुरक्षित रहे। कंपनी के मुताबिक दिल्ली से जा रहे इंडिगो की विमान संख्या- 6E 2615 को मणिपुर की राजधानी इंफाल में उतरना था, लेकिन खराब मौसम की वजह से लैंडिंग नहीं हो पाई। साथ ही ईंधन भी धीरे-धीरे खत्म हो रहा था। ऐसे में विमान को कोलकाता एयरपोर्ट पर उतार दिया गया।
स्पाइसजेट ने बढ़ाई थी टेंशन
आपको बता दें कि पिछले 25 दिनों में स्पाइसजेट के 9 विमानों में तकनीकी खराबी आ चुकी है। इनमें से कुछ की तो इमरजेंसी लैंडिंग भी करवानी पड़ी। जिस वजह से उसके शेयर पर काफी बुरा असर पड़ रहा है। अभी हाल ही में दुबई-मदुरै फ्लाइट उड़ने को तैयार थी, लेकिन एयरक्राफ्ट के नोज व्हील में खराबी आ गई। जिस वजह से फ्लाइट में देरी हुई। बाद में दूसरे विमान की व्यवस्था कर उससे यात्रियों को भेजा गया।












Click it and Unblock the Notifications