दिल्ली: पेट्रोल पंप के टैंकर को साफ करने घुसे दो मजदूरों की मौत
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में बड़ा हादसा सामने आया है, यहां इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप के टैंकर की सफाई करने के लिए घुसे दो मजदूरों की टैंकर में मौत हो गई। यह घटना गुरुवार रात तकरीबन 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार पेट्रोल टैंक में लालबाग के रहने वाले राजू और बिट्टू नाम के दो मजदूर टैंकर की सफाई करने के लिए घुसे थे, लेकिन जब काफी देर तक दोनों बाहर नहीं निकले तो लोगों को शक हुआ और इसकी सूचना तुरंत फायर को दी गई।

मौके पर फायर विभाग की टीम पहुंची और दोनों ही मजदूरों के शव को टैंकर से बाहर निकाला। फायर अधिकारी ने बताया कि यह घोर लापरवाही का मामला है, जिस टैंकर में मास्क के साथ जाना भी आसान नहीं है उसके भीतर बिना मास्क के दो कर्मचारियों को भेज दिया गया। दोनों ही मजदूर बिना ऑक्सीजन और मास्क के टैंकर के भीतर गए थे, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई। टैंकर के भीतर खुद फायर के कर्मियों को घुसने में खतरा महसूस हो रहा था।
फायरकर्मी खुद जब ऑक्सीजन मास्क पहनकर टैंकर के भीतर जा रहे थे तो दो बार वो वापस आए गए और फिर आखिर में शवों को रस्सी से बांधकर टैंकर से बाहर निकाला गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं ठेकेदार पवन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें- मुंबई: एटीएस की छापेमारी में घर से मिली संदिग्ध सामान, आरोपी वैभव SIT की हिरासत में












Click it and Unblock the Notifications