Farmers Protest: राजधानी दिल्ली में तेज हुआ किसानों का प्रदर्शन, जानिए कौन से बॉर्डर खुले हैं और कौन से बंद
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों ने दिल्ली के पास की कई सीमाओं पर भूख हड़ताल शुरू कर दी है। किसान संगठनों का ये भी कहना है कि देश के अन्य हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। इसी के चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी भी जारी की है। जिसमें ये बताया गया है कौन सी सीमाएं (बॉर्डर) खुली हुई हैं और कौन सी बंद हैं। एडवाइजरी में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है, किसान आंदोलन की वजह से गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले ट्रैफिक के लिए गाजीपुर सीमा बंद है। लोगों को दिल्ली जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते अपनाने की सलाह दी जाती है, जैसे आनंद विहार, डीएनडी, चिल्ला, अपसरा और भोपरा सीमाएं।

Recommended Video
पुलिस ने आगे कहा है, सिंघु, औचंदी, पियू मनियारी, सभोली और मंगेश सीमाएं भी बंद हैं। ऐसे में लोग लामपुर, सफियाबाद और सिंघु स्कूल टोल टैक्स सीमाओं के जरिए वैकल्पिक मार्ग का चयन करें। ट्रैफिक को मुकरबा और जीटीके रोड से डायवर्ट किया गया है। ऐसे में आउटर रिंग रोड, जीटीके रोड और एनएच-44 पर जाने से बचें। आपको बता दें विरोध प्रदर्शन कर रहे इन किसानों का कहना है कि वह इस विरोध के जरिए सरकार को जगाना चाहते हैं।
पंजाब में भारतीय किसान संघ (बीकेयू) के महासचिव हरिंदर सिंह लखोवाल ने कहा है, हम सरकार को जगाना चाहते हैं। अब हमारे संयुक्त किसान मोर्चा के 40 किसान नेता सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक सभी सीमाओं पर भूख हड़ताल करने बैठेंगे। इनमें से 25 सिंघु सीमा पर बैठेंगे, 10 टीकरी सीमा पर बैठेंगे और पांच यूपी सीमा पर बैठेंगे। वहीं दिल्ली में गाजीपुर सीमा पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि वह दिनभर उपवास करने के लिए तैयार हैं। लखीमपुर खेड़ी के एक किसान ने एएनआई से बातचीत में कहा, 'जब हम अपने गन्नों की ट्रोली मील्स तक लेकर जाते हैं, तो ऐसा होता है कि हम 24 घंटे तक खाना भी नहीं खा पाते। हम उपवास के लिए तैयार हैं।' किसान करीब 20 दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, इनकी मांग है कि सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस ले।












Click it and Unblock the Notifications