Sakshi Case: आरोपी साहिल ने कबूला जुर्म, बताया- क्यों दिया इस बेरहम हत्या को अंजाम
दिल्ली के शाहबाद डेयरी में हुए खौफनाक मर्डर के आरोपी साहिल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि आखिर क्यों उसने साक्षी की चाकू से गोदकर हत्या कर डाली।

Delhi Shahbad case: दिल्ली के रोहिणी में शाहबाद डेयरी थाना इलाका उस वक्त थर्रा उठा, जब एक 20 साल के लड़के ने 16 साल की लड़की की हत्या कर दी। हत्या इतनी बेहरमी से हुई कि अभी तक इसके बारे में सोच-सोचकर भी रूह कांप रही है। अब आरोपी ने बताया कि आखिर क्यों उसने हैवान बनकर इतनी भयानक घटना को अंजाम दिया।
आरोपी ने बोली ये बात
सूत्रों से जानकारी मिली है कि हाल ही में पुलिस ने आरोपी साहिल को सीसीटीवी फुटेज दिखाया और उसने कबूल किया कि वह वीडियो में है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
आरोपी साहिल ने जितनी बुरी तरह से साक्षी नाम की लड़की की हत्या की, वो पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बीते दिन सोशल मीडिया पर वारदात का क्लिप वायरल हो रहा था। ऐसे में हर तरफ से यही सवाल उठ रहा था कि आखिर इस हत्या की वजह क्या है?
साहिल ने कबूला जुर्म
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी साहिल ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उसने यहां तक कहा कि उसे अपने किए पर जरा भी पछतावा नहीं है। बताते चलें कि वारदात के बाद से साहिल का फोन बंद आ रहा था और पुलिस से बचने के लिए उसने बुलंदशहर पहुंचने के लिए दो बसें भी बदली थीं।
पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
हालांकि, आखिरकार पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में ले ही लिया। लेकिन अभी तक भी पूछताछ में वो पुलिस के सवालों का ठीक तरीके से जवाब नहीं दे रहा। पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। इस बीच उसने हत्या का अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
तीन सालों तक किया डेट
पुलिस ने जानकारी दी कि रातभर की पूछताछ के दौरान उसने कहा कि उसे कोई पछतावा नहीं है। साहिल ने कथित तौर पर कहा था कि लड़की उससे संबंध तोड़ना चाहती है। पुलिस ने कहा कि कथित तौर पर तीन सालों तक डेट किया लेकिन हाल ही में लड़की ने रिश्ता खत्म करने की कोशिश की थी।
बर्थडे पार्टी में जा रही थी लड़की
रविवार की शाम वो अपने दोस्त के बेटे की बर्थडे पार्टी में जा रही थी तभी साहिल आया और उसने साक्षी पर चाकू गोद दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि साहिल बार बार साक्षी को चाकू मार रहा है। इसके बाद वो उसे लात भी मारता है। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि इस दौरान किसी ने भी साहिल को रोकने की कोशिश नहीं की।
मौसी के घर में जा छिपा साहिल
कथित तौर पर साहिल ने चाकू फेंक दिया और फिर बुलंदशहर के लिए बस पकड़ी और वहां जाकर वो अपनी मौसी के घर में छिप गया। पुलिस सूत्रों ने कहा कि साहिल का कहना था कि वो बहुत गुस्से में था क्योंकि लड़की काफी समय से उसे इग्नोर कर रही थी। लड़की ने उसे पुलिस के पास जाने की धमकी भी दी थी।
शक की आग में झुलस रहा था साहिल
हत्या के एक दिन पहले दोनों में मारपीट भी हुई। साहिल को शक था कि साक्षी का अफेयर उसके किसी पूर्व प्रेमी संग चल रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या साहिल ने लड़की से दोस्ती करने के लिए अपना नाम बदला था?
साक्षी के शव का बुरा हाल
बताते चलें कि लड़की का शव करीब 25 मिनट तक सड़क पर पड़ा रहा, जिसके बाद पुलिस को फोन किया गया। पुलिस ने जानकारी दी कि उसके शरीर में 34 घाव थे और उसकी खोपड़ी बुरी तरह से फट गई थी।


Click it and Unblock the Notifications
