16 साल की लड़की को देह व्यापार में धकेलने पर सोनू पंजाबन गिरफ्तार
दिल्ली समेत कई अन्य राज्यों में देह व्यापार का धंधा चलाने वाली कुख्यात अपराधी गीता अरोड़ा उर्फ सोनू पंजाबन को क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। एक 16 साल की लड़की की तस्करी कर उसे वेश्यावृति करवाने के आरोप में सोनू को शनिवार को गिरफ्तार किया गया।

नई दिल्ली। दिल्ली समेत कई अन्य राज्यों में देह व्यापार का धंधा चलाने वाली कुख्यात अपराधी गीता अरोड़ा उर्फ सोनू पंजाबन को क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। एक 16 साल की लड़की की तस्करी कर उसे वेश्यावृति करवाने के आरोप में सोनू को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। सोनू पर मकोका के तहत मामला दर्ज किया गया है।

12 साल की लड़की को धकेला था जिस्मफरोशी में
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'सोनू को क्राइम ब्रांच के साइबर सेल ऑफिस एसीपी संदीप लांबा के नेतृत्व वाली टीम के पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार किया गया।' अधिकारी ने बताया कि 2009 में एक 12 साल की लड़की को किडनैप किया गया था। लड़की के परिवार ने नजफगढ़ में रेप, किडनैप और पॉस्को की धारा के तहत मामला दर्ज करवाया था।

2014 में खुद दर्ज कराई शिकायत
साल 2014 में पीड़ित लड़की खुद किसी तरह नजफगढ़ पुलिस थाने पहुंची और सोनू पंजाबन और उसके दलालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद लड़की को अपनी जान का खतरा लगा तो वो भाग गई। ये मामला एसीपी संदीप लांबा को सौंप दिया गया और नवंबर में लड़की को ट्रेस किया गया। पुलिस ने लड़की को अपने भरोसे में लिया और फिर उसने पंजाबन के कारनामों का पर्दाफाश किया।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में धंधा चलाती है सोनू
पीड़ित लड़की ने बताया कि उसे सोनू पंजाबन के दलालों ने अगवा कर वेश्यावृत्ति के धंधे में धकेल दिया। कुख्यात अपराधी सोनू को गिरफ्तार करने में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को 6 महीने लग गए। आखिर में उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। सोनू पंजाबन दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में जिस्मफरोशी का धंधा चलाती है। वो कम उम्र लड़कियों को अगवा कर उनसे वेश्यावृत्ति करवाती है। सोनू पंजाबन को छठीं बार गिरफ्तार किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications