Weather Update: दिल्ली-NCR से लेकर बिहार तक भारी बारिश की चेतावनी, आपके शहर में कैसा रहेगा 16 अगस्त का मौसम?
Weather Update: देश में मानसून की सक्रियता अभी कम नहीं हुई है। 16 अगस्त को दिल्ली-NCR समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में मौसम करवट ले सकता है। कई जगह भारी बारिश के साथ आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली गिरने का खतरा बढ़ सकता है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के बीच भूस्खलन और अचानक नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं।

दिल्ली-NCR से यूपी-बिहार तक तेज बारिश और आंधी
16 अगस्त को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है। दिल्ली में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। बिहार में भी भारी बारिश और 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं का अलर्ट है। ऐसे में जलभराव और बिजली गिरने से सावधानी जरूरी होगी।
ये भी पढ़ें: लाल किले से नहीं, दिल्ली से 2047 का गेमचेंजर प्लान! CM रेखा गुप्ता ने 15 अगस्त पर युवाओं को क्या-क्या कहा?
झारखंड और बंगाल में भी बिगड़ेगा मौसम
झारखंड में 16 और 17 अगस्त को कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, हजारीबाग, देवघर समेत कई जिलों में करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल में भी कोलकाता, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अन्य इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट है। यहां हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं
राजस्थान में 16 अगस्त को अलवर, करौली, कोटा, भरतपुर, अजमेर और भीलवाड़ा समेत कई इलाकों में बारिश और आंधी का असर रह सकता है। हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मध्य प्रदेश में भी भोपाल, इंदौर, दमोह, शिवपुरी, बालाघाट और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां तेज हवाओं की रफ्तार करीब 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
ये भी पढे़ं: कौन हैं कैप्टन सोनिया सिंह चौहान? जिन्हें PM मोदी संग तिरंगा फहराते हुए देखा गया, अब हर तरफ हो रही है चर्चा
पहाड़ों पर भारी बारिश से बढ़ेगा खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं। उत्तराखंड के चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल समेत कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी है। हिमाचल के कुल्लू, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन और ऊना में भी मौसम खराब रह सकता है। भारी बारिश के दौरान पहाड़ी सड़कों पर भूस्खलन, अचानक जलस्तर बढ़ने और यातायात प्रभावित होने का खतरा बना रहेगा।
जम्मू-कश्मीर से पूर्वोत्तर तक मानसून रहेगा सक्रिय
जम्मू-कश्मीर में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। किश्तवाड़, पुंछ, रामबन, उधमपुर और शोपियां जैसे इलाकों में खास सावधानी जरूरी होगी। वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून की सक्रियता अगले कई दिनों तक बनी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 16 से 21 अगस्त, जबकि असम और मेघालय में 17 से 21 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई जगह भारी बारिश की स्थिति भी बन सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
