दिल्ली में उपराज्यपाल ने 5 दिन के इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन का फैसला लिया वापस
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 50 हजार के पार पहुंच गई है। जिसको देखते हुए केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में हल्के और बिना लक्षण वाले मरीजों को घर में ही आइसोलेट करने के निर्देश जारी किए थे। जिसके बाद शुक्रवार को उपराज्यपाल अनिल बैजल ने उनके इस आदेश को पलट दिया। साथ ही सभी कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए 5 दिन का इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन अनिवार्य कर दिया था। राज्य सरकार के लगातार विरोध के चलते अब उपराज्यपाल ने अपना ये फैसला वापस ले लिया है।
Recommended Video

उपराज्यपाल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि हल्के और बिना लक्षण वाले ऐसे मरीज, जिनके घर पर होम आइसोलेशन की सुविधा नहीं है, सिर्फ उन्हें इंस्टीट्यूशनल आइसोलेशन में रखा जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शनिवार दोपहर को हुई स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (SDMA) की बैठक में भी ये मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि जब ICMR ने हल्के और बिना लक्षण वाले मरीजों को घर पर आइसोलेट करने की इजाजत दे दी है, तो दिल्ली में अलग-अलग नियम क्यों लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्वारंटाइन सेंटर्स में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था कहां से की जाएगी। सरकार के विरोध के बाद उपराज्यपाल ने शनिवार शाम को अपना आदेश वापस ले लिया। वहीं मामले में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि होम आइसोलेशन की सुविधा को फिर से शुरू कर दिया गया है। जो समस्याएं थीं उसको SDMA की बैठक में सुलझा लिया गया है।
दिल्ली में 2000 से ज्यादा मौतें
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश के अलग-अलग राज्यों में शुक्रवार को 14,516 नए केस सामने आए थे। जिसके बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 3,95,048 हो गई। जिसमें से 12,948 लोगों की मौत हुई है, जबकि 2,13,831 ठीक हो चुके हैं। वहीं दूसरी ओर राजधानी दिल्ली में अब तक 53,116 मामले सामने आए हैं, जिसमें 2,035 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा दिल्ली में 27,512 मरीज रिकवर हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications