दिल्ली: मास्क न पहनने और पान-मसाला खाने पर 2000 जुर्माना, LG ने संशोधन को दी मंजूरी
दिल्ली के उपराज्यपाल ने राजधानी में कोविड-19 महामारी प्रबंधन नियंत्रण 2020 के नियमों में बदलाव को मंजूरी दे दी है। नए नियमों के तहत अब क्वारंटीन नियम और सोशल डिस्टेंसिंग के नियम तोड़ने पर 2000 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही मास्क न पहनने और सार्वजनिक स्थानों पर पान, गुटखा आदि खाने पर भी 2000 रुपये जुर्माना देना होगा।

बता दें कि एक दिन पहले ही दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने राजधानी में मास्क न लगाने पर 2000 रुपये जुर्माना लगाने का फैसला किया था जिस पर अब राज्यपाल ने भी मुहर लगा दी है। देश की राजधानी में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं जिसके चलते केजरीवाल सरकार ने इस पर नियंत्रण के लिए प्रभावी उपाय अपनाने का निर्णय लिया। जुर्माने की रकम बढ़ाने का फैसला इसी के तहत हैं। दिल्ली सरकार ने कहा था कि उपराज्यपाल के साथ मिलकर ये फैसला लिया गया है।
कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ एक बैठक की थी जिसमें महामारी से निपटने के लिए मिलकर उपाय करने पर जोर दिया गया था। इसके लिए केंद्र ने दिल्ली सरकार को अतिरिक्त बेड देने की घोषणा भी की थी।












Click it and Unblock the Notifications