दिल्ली: जनवरी में ही बदले मौसम के तेवर, 8 सालों में सबसे गर्म दिन रहा गुरुवार
देश की राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में तापमान लगातार ऊपर जा रहा है। दिल्ली में पिछले आठ सालों में गुरुवार को जनवरी का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया।
नई दिल्ली। कड़कड़ाती शीत लहर और खून जमाने वाले कोहरे के साथ जनवरी में एंट्री कर चुकी ठंड के तेवर इसी महीने में नरम पड़ गए हैं। देश की राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में तापमान लगातार ऊपर जा रहा है। दिल्ली में पिछले आठ सालों में गुरुवार को जनवरी का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री रहा। सीजन के औसत के हिसाब से यह 8 अंक ऊपर था। गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सात डिग्री रहा।

शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री
हालांकि शुक्रवार को दिल्ली वासियों की नींद एक सर्द सुबह के साथ ही खुली। शुक्रवार सुबह को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि इस साल अपने समय के हिसाब से सामान्य है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को दिन में आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहेगा। इससे पहले सुबह दृश्यता 200 मीटर और मौसम में नमी 100 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि दिन के दौरान हल्की धुंध की संभावना है, जबकि शनिवार सुबह घना कोहरा रह सकता है।

कोहरे के कारण विमान-ट्रेनें लेट
शुक्रवार सुबह कोहरे का भी असर दिल्ली एनसीआर में दिखाई दिया। गहरी धुंध ने दिल्ली-एनसीआर के लोगों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया, जिसके कारण दिल्ली की कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा है, जबकि कई फ्लाइट्स और कई ट्रेनें अपने निर्धारित वक्त से काफी देर से चल रही हैं। कोहरे का सीधा असर यातायात पर पड़ता है, जिसके कारण आज सड़कों पर भी ट्रैफिक की गति काफी स्लो देखी गई है। गाड़ियों और विमानों के लेट होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बदलते मौसम से सचेत रहने की सलाह
कोहरे के बीच स्कूल जाने वाले बच्चों को एक बार फिर से परेशानी का सामना करना पड़ा। कहीं अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जाते हुए दिखाई दिए तो कहीं स्कूली वाहनों और रिक्शों में सवार बच्चों को कोहरे के बीच ठिठुरते हुए स्कूल जाते देखा गया। कुछ ऐसा ही हाल ऑफिस जाने वालों का भी है। फिलहाल मौसम विभाग ने बदलते मौसम से सचेत रहने की सलाह दी है।












Click it and Unblock the Notifications