दिल्ली चुनाव: करावल नगर के बसपा कैंडिडेट नाथूराम कश्यप आप में शामिल
नई दिल्ली। दिल्ली की करावल नगर विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार नाथूराम कश्यप सोमवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। आप सांसद संजय सिंह ने कश्यप को पार्टी की सदस्यता दिलाई। आप में शामिल होने के बाद कश्यप ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली के विकास के लिए काम कर रही है, इसी को देखते हुए वो पार्टी में आए हैं। अब वो करावल नगर सीट पर आप को जिताने के लिए मेहनत करेंगे।

दिल्ली चुनाव के लिए नामांकन खत्म हो चुके हैं, ऐसे में बहुजन समाज पार्टी के लिए करावल नगर सीट पर ये बड़ा झटका है। बसपा दिल्ली की 70 में से 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी अकेले दिल्ली का चुनाव लड़ रही है। बसपा प्रमुख मायावती ने भी सोमवार से दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार शुरू कर दिया है।
सोमवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में बसपा प्रमुख प्रमुख ने पहली रैली को संबोधित करते हुए भाजपा और अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लिया। मायावती ने कहा कि दिल्ली में दलितों और पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए ना तो केंद्र की सरकार कुछ कर रही है और ना ही केजरीवाल की सरकार। दिल्ली चुनाव के लिए मायावती की ये पहली रैली है।
तालकटोरा स्टेडियम में मायावती ने कहा, हमारी पार्टी लगभग सभी दिल्ली विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ रही है। हमने इस चुनाव में किसी अन्य पार्टी के साथ गठबंधन नहीं किया है। हम अकेले दम पर शानदार प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि बसपा दिल्ली की 70 में से 68 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। 2015 के विधानसभा चुनाव में बसपा को किसी सीट पर जीत नहीं मिली थी। 2015 में 70 में 67 सीट जीतकर आम आदमी पार्टी ने सरकार बनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications