दिल्ली चुनाव: द्वारका से आप एमएलए आदर्श शास्त्री कांग्रेस में शामिल
नई दिल्ली। दिल्ली की द्वारका विधानसभा सीट से विधायक आदर्श शास्त्री ने आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। शनिवार शाम को कांग्रेस दफ्तर में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा और पीसी चाको की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली। 2015 में आदर्श शास्त्री आम आदमी पार्टी के टिकट पर द्वारका से विधायक बने थे। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने उनको टिकट नहीं दिया था, जिसके बाद से वो नाराज थे। माना जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें द्वारका से अपना कैंडिडेट बना सकती है।

आम आदमी पार्टी ने द्वारका से अपने सिटिंग एमएलए आदर्श शात्री का टिकट काटकर कांग्रेस नेता महाबल मिश्रा के बेटे विनय मिश्रा को टिकट दिया है। 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में आदर्श शास्त्री ने कांग्रेस से लड़े महाबल मिश्रा को करीब 67 हजार वोटों से हराया था।
टिकट कटने के बाद पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री के पोते आदर्श शास्त्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि एक बड़ी कंपनी में डेढ़ करोड़ रुपए सालाना के पैकेज को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि अन्ना आंदोनलन के वक्त मुझे लगा था कि भ्रष्टाचार के खिलाफ हो रहे आंदोलन से मुझे जुड़ना चाहिए और मैं नौकरी छोड़कर केजरीवाल के साथ जुड़ गया। अब मुझे नहीं पता कि क्यों मेरा टिकट काट दिया गया।
बता दें कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। आम आदमी पार्टी ने 15 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी को मतदान होगा। 11 फरवरी को नतीजों का ऐलान होगा।












Click it and Unblock the Notifications