दिल्ली में मतदान के बीच मनोज तिवारी बोले- वोटिंग खत्म होते ही शाहीन बाग हो जाएगा खाली
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में शाहीन बाग में हो रहा प्रदर्शन एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है। यहां हाल ही में एक शख्स ने गोली चलाई थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने कहा था कि गोली चलाने वाले ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली थी और कुछ तस्वीरें भी पुलिस ने जारी की थीं जो गिरफ्तार किए गए शख्स कपिल गुर्जर के फोन से रिकवर की गई थीं। इस बीच, शाहीन बाग में हो रहे प्रदर्शन को लेकर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बड़ा बयान दिया है।

'वोटिंग खत्म होते ही शाहीन बाग हो जाएगा खाली'
दिल्ली में आज 70 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। इस वोटिंग के बीच मनोज तिवारी ने कहा कि मतदान समाप्त होने के बाद शाहीन बाग में हो रहा विरोध प्रदर्शन समाप्त हो जाएगा। मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल पर फर्जी हनुमान भक्त होने का आरोप लगाया और कहा कि वे जूता खोलने के बाद अरविंद केजरीवाल बिना हाथ धोए ही मंदिर चले गए थे।

आप ने कार्यकर्ताओं को भेजकर गोली चलवाई- मनोज तिवारी
शाहीन बाग में प्रदर्शन स्थल के पास पिछले दिनों एक युवक द्वारा गोली चलाने की घटना पर मनोज तिवारी ने कहा था कि शाहीन बाग के लोग नहीं चाहते कि उनकी छवि ऐसी बने। शाहीन बाग के मुद्दे पर बीजेपी लगातार आम आदमी पार्टी को घेरती रही है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने फायरिंग की इस घटना पर कहा था कि आप ने अपने कार्यकर्ता को भेजकर गोली चलवाई है ताकि हिंदू संगठनों को बदनाम किया जा सके। मनोज तिवारी ने कहा था कि दिल्ली के लोग शाहीन बाग नहीं, शांति बाग चाहते हैं। लेकिन आप लोगों का रास्ता कैसे रोक सकते हैं?

शाहीन बाग पर सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई
शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ मुस्लिम महिलाएं 15 दिसंबर से धरने पर बैठी हैं। इन महिलाओं की मांग है कि सरकार नागरिकता संशोधन कानून को वापस ले। इस धरने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पीआईएल भी दायर की गई है जिसपर सर्वोच्च अदालत सोमवार को सुनवाई करेगी। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने चार महीने के बच्चे की मौत के मामले पर स्वत: संज्ञान लिया है। चार महीने के बच्चे को उसकी मां अपने साथ लेकर विरोध प्रदर्शन में गई थी। शाहीन बाग से लौटने के बाद इस मासूम की सोते समय मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications