Delhi election results: AAP की जीत देख बोले संजय सिंह- आज हिंदुस्तान जीत गया
नई दिल्ली- आम आदमी पार्टी की दिल्ली की सत्ता में लगातार तीसरी बार वापसी तय लग रही है। पार्टी इस बार भी दो-तिहाई से ज्यादा बहुमत की ओर लगातार बढ़त बनाए हुए है। इसको लेकर पार्टी के कद्दावर नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रतिक्रिया दी है कि - आज हिंदुस्तान जीत गया। रुझानों में भारी बहुमत की ओर आम आदमी पार्टी को बढ़ते देख पार्टी नेता संजय सिंह एनडी गुप्ता और सुशील गुप्ता के साथ पार्टी दफ्तर में जश्न में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि "आज हिंदुस्तान जीत गया"

संजय सिंह ने पार्टी दफ्तर में कहा कि आज दिल्ली की जनता ने ऐतिहासिक फैसला दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों ने बता दिया कि यहां के 2 करोड़ लोगों का बेटा अरविंद केजरीवाल है, उन्हें कोई हरा नहीं सकता। बीजेपी के अमित शाह ने पूरी ताकत झोंक दी, फिर भी दिल्ली ने उन्हें जिताया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने अपना तन-मन दिल्ली को दिया उसी का परिणाम आया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को आतंकी कहा गया, तब उन्होंने कहा था कि 11 तारीख को पता चल जाएगा कि वे कट्टर देशभक्त हैं। संजय सिंह बोले- उन्होंने दिल्ली चुनाव को हिंदुस्तान पाकिस्तान का मैच बताया था, आज हिंदुस्तान जीत गया। उन्होंने कहा कि भारी जीत दिलाने के लिए मैं दिल्ली के लोगों को सलाम करता हूं।
बता दें कि दिल्ली के मॉडल टाउन से भाजपा प्रत्याशी ने ट्वीट कर बयान दिया था कि 8 फरवरी को दिल्ली में हिंदुस्तान बनाम पाकिस्तान होगा। इसकी वजह से चुनाव आयोग ने उनके चुनाव प्रचार करने पर 48 घंटे की पाबंदी लगाई थी।
दिल्ली की 70 सीटों के लिए शनिवार को वोटिंग हुई थी, जिसमें केजरीवाल की पार्टी दो-तिहाई बहुमत पाने की दिशा में आगे चल रही है। हालांकि, 2015 के चुनाव के मुकाबले उसके प्रदर्शन में काफी कमी आई है और बीजेपी ने अपनी कई सीटें बढ़ाई हैं और वोट प्रतिशत में तो उसे बहुत ज्यादा फायदा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications