केजरीवाल को आतंकी कहने वाले प्रवेश वर्मा AAP की जीत के बाद बोले, मुझे दुख है
नई दिल्ली। बीते 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुए थे। इसके नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं जिसके लिए सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। धीरे-धीरे नतीजे आ रहे हैं आम आदमी पार्टी सरकार बनाती दिख रही है। आम आदमी पार्टी को 59 सीटें मिलने की उम्मीद है वहीं बीजेपी को 11 सीटों पर ही संतोष करना होगा। कांग्रेस का तो खाता तक नहीं खुला है। इस बीच बीजेपी के सांसद प्रवेश वर्मा की प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रवेश वर्मा ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि हमें दुख है कि हम सरकार की कमियों को दिल्ली की जनता के सामने नहीं रख पाए।

और क्या कहा प्रवेश वर्मा ने
आपको बता दें कि प्रवेश वर्मा के शाहीन बाग के प्रदर्शन पर दिए बयान पर काफी विवाद हुआ था। चुनाव आयोग ने उन पर 48 घंटे का बैन भी लगाया था। प्रवेश वर्मा ने कहा, ''मैं दिल्लीवासियों के जनादेश को स्वीकार करता हूं। पिछले 21 सालों से हम दिल्ली में सरकार नहीं बना पाए। पिछले 21 सालों से दिल्ली में गैर भाजपा दलों की सरकार बन रही है। हमें इस बात का दुख है कि हम दिल्ली सरकार की कमियों को दिल्ली की जनता के सामने नहीं रख पाए।
हम और मेहनत करेंगे
प्रवेश वर्मा ने कहा कि हम और मेहनत करेंगे और संघर्ष करेंगे। आने वाले सालों में जो दिल्ली सरकार की कमियां होंगी, हम उसे और बेहतर तरीके से दिल्ली की जनता के सामने रखने की कोशिश करेंगे। दिल्ली का यह चुनाव अगर शिक्षा और विकास के मॉडल पर हुआ होता तो दिल्ली के शिक्षा मंत्री चुनाव नहीं हार रहे होते।''

दिल्लीवासी झूठे विज्ञापन और फ्री के प्रवाह में बह गए
उल्लेखनीय है कि रुझान में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया पीछे चल रहे हैं। प्रवेश वर्मा ने कहा ''दिल्लीवासी झूठे विज्ञापन और फ्री के प्रवाह में बह गए हैं। मैं इस बात को समझता हूं कि लोगों का तीन महीने से बिजली-पानी का बिल फ्री आ रहा था। हमारी महिलाओं को बसों में फ्री की यात्रा हो रही थी। ये जो कुछ भी हो रहा था सिर्फ तीन महीने से हो रहा था। मैं दिल्ली की जनता और उनके जनादेश को बधाई देता हूं। हमारे कार्यकर्ता और मेहनत करेंगे, इस चुनाव में भी उन्होंने बहुत मेहनत की। हम आने वाले चुनाव में जो भी कमियां रह गई थीं उन पर काम करेंगे।''












Click it and Unblock the Notifications