Delhi Election: नाम जोड़ने और हटाने के आरोप निराधार, CEC राजीव कुमार ने चुनावी हेरफेर के आरोपों को किया ख़ारिज
CEC Rajiv Kumar: चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय मतदाताओं की जागरूकता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय मतदाता अत्यंत जागरूक हैं और चुनावी हेरफेर की कोई संभावना नहीं है।
राजीव कुमार ने विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा चुनावी हेरफेर के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, "हमारे पास लगभग 70 चरणों की प्रक्रिया है, जिसमें राजनीतिक दल और उम्मीदवार हमारे साथ काम करते हैं। हम पूरी पारदर्शिता और समन्वय के साथ चुनाव प्रक्रिया को अंजाम देते हैं, इसलिए हेरफेर असंभव है।"

चुनावी सूची में नाम जोड़ने और हटाने के आरोप निराधार
उन्होंने कहा कि चुनावी सूची में नाम जोड़ने और हटाने के आरोप निराधार हैं। चुनाव आयुक्त ने स्पष्ट किया, "प्रपत्र 7 के बिना कोई भी विलोपन नहीं किया जा सकता है।" इसके अलावा, ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) से संबंधित आरोपों को भी नकारते हुए उन्होंने कहा कि ईवीएम में वायरस या बग लाने का कोई सवाल नहीं है, और अवैध वोटिंग की कोई संभावना नहीं है।
राजीव कुमार ने यह भी बताया कि चुनावी हेरफेर के आरोपों को सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने भी निराधार करार दिया है। उन्होंने कहा, "ईवीएम पूरी तरह से सुरक्षित हैं और इन पर किसी प्रकार की छेड़छाड़ संभव नहीं है।"आखिर में, उन्होंने यह भी बताया कि भारत जल्द ही 100 करोड़ मतदाताओं वाला देश बनने जा रहा है, क्योंकि वर्तमान में मतदाताओं की संख्या 99 करोड़ से पार कर चुकी है।
ईवीएम को लेकर भ्रम दूर किया
राजीव कुमार ने एक बार फिर ईवीएम को लेकर उठ रहे भ्रम को दूर करते हुए कहा कि पोलिंग बूथ पर आने से लेकर स्ट्रॉन्ग रूम तक ईवीएम की सुरक्षा प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के एजेंटों को शामिल किया जाता है। उन्हें हर मतदान मशीन में पड़े वोटों की जानकारी दी जाती है।
दिल्ली में होगी 5 फरवरी को वोटिंग
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। चुनाव आयोग ने बताया कि दिल्ली में वोटिंग 5 फरवरी को होगी और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है, और 70 सीटों वाली विधानसभा के सभी सीटों पर मतदान होगा।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में आम आदमी पार्टी (AAP) को बंपर जीत मिली थी। 6 जनवरी 2020 को चुनावी तारीखों का ऐलान हुआ था और 8 फरवरी को वोटिंग हुई थी। 11 फरवरी को वोटों की गिनती के बाद आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 62 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा को सिर्फ 8 सीटों पर संतोष करना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications