'धीरे-धीरे तो मौसम भी बदलते रहते हैं, पर आपकी...' लुक आउट नोटिस के बाद सिसोदिया का PM मोदी पर वार
नई दिल्ली, 21 अगस्त: दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में सीबीआई द्वारा दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया सहित सभी आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। इसको लेकर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। सीबीआई द्वारा लुक आउट सर्कुलर जारी किए जाने के बाद मनीष सिसोदिया ने पीएम मोदी का एक वीडियो ट्वीट किया है। इस वीडियो के साथ सिसोदिया ने लिखा, "माना कि धीरे धीरे तो, मौसम भी बदलते रहते हैं, आपकी रफ़्तार से तो, हवाएं भी हैरान हैं साहब।"
Recommended Video

'ये क्या नौटंकी है मोदी जी?...'
मनीष सिसोदिया ने अपने अगले ट्वीट में लिखा, ''आपकी सारी रेड फैल हो गयी, कुछ नहीं मिला, एक पैसे की हेरा फेरी नहीं मिली, अब आपने लुक आउट नोटिस जारी किया है कि मनीष सिसोदिया मिल नहीं रहा। ये क्या नौटंकी है मोदी जी? मैं खुलेआम दिल्ली में घूम रहा हूँ, बताइए कहाँ आना है? आपको मैं मिल नहीं रहा?''
पीएम दिनभर यही सोचते हैं कि कहां रेड करवाऊं: सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा, ''मेरे खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री दिन भर ये सोचते हैं कि किसके खिलाफ नोटिस जारी करवाऊं किसके यहां रेड करवाऊं। किसकी सरकार गिरवाऊं।'' सिसोदियो ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम महंगाई और बेरोजगारी के बारे में नहीं सोचते। इन्हें देश को नंबर वन बनाने पर काम करना चाहिए, लेकिन ये केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को नंबर जीरो बनाने के बारे में सोच रहे हैं। अबकी बार देश की जनता इन्हें 2024 में लुक आउट नोटिस भेजेगी।
मनीष सिसोदिया समेत 13 आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर
बता दें, दिल्ली में शराब घोटाले मामले में सीबीआई ने डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत 13 लोगों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया है। इससे पहले शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मनीष सिसोदिया ने अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताई थी। उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए बड़े कामों पर ब्रेक लगाना चाहती है, इसीलिए हो सकता है कि 2-4 दिन में मुझे गिरफ्तार कर लिया जाए। इस बीच सीबीआई ने सिसोदिया समेत 13 लोगों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। अब ये लोग देश छोड़कर बाहर नहीं जा सकेंगे। वहीं, अगर ये लोग ऐसा करने की कोशिश करते हैं तो उन्हें हिरासत में भी लिया जा सकता है।
सर्कुलर में विजय नायर का नाम नहीं
सीबीआई द्वारा जारी किए गए सर्कुलर में मुंबई की एंटरटनेमेंट इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के सीईओ विजय नायर का नाम शामिल नहीं है। शनिवार को नायर ने बयान जारी कर कहा था कि वह देश छोड़कर भागे नहीं हैं, बल्कि अपने निजी काम से बाहर हैं।












Click it and Unblock the Notifications