कोरोना वायरस पर सर्वदलीय बैठक, इंतजामों को लेकर भाजपा ने केजरीवाल सरकार को घेरा
नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते कहर को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। ये बैठक अब समाप्त हो चुकी है, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की स्थिति पर चर्चा की गई। बैठक के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा, 'बैठक में हमने कहा कि दिल्ली सरकार को प्रोएक्टिव अप्रोच होकर काम करना चाहिए था वो उन्होंने नहीं किया। आज से 3 महीने पहले जब गृह मंत्री ने टेस्टिंग की संख्या बढ़ाई थी तब अगर ये इस चीज को लगातार करते तो आज दिल्ली में जो तीसरा वेव आया उसमें जनता को परेशानी नहीं होती।'
Recommended Video

आदेश गुप्ता ने कहा कि अगर दिल्ली सरकार सही उपाय करती तो लोगों को आज एक साथ छठ पूजा मनाने में भी दिक्कत नहीं आती। उन्होंने कहा कि 'कोविड-19 दिशानिर्देशों के साथ बाजार खुले रहने चाहिए। इस समय सबसे ज्यादा जरूरत आईसीयू बेड और वेंटिलेटर की है।'
वहीं बैठक के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, मैंने सर्वदलीय बैठक में कहा कि ये दिल्ली वालों के लिए मुश्किल समय है क्योंकि कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। ये राजनीति करने का वक्त वहीं है, राजनीति के लिए पूरी जिंदगी पड़ी है। हमें कुछ दिनों के लिए राजनीति और आरोपों को अलग रख देना चाहिए। ये समय लोगों की सेवा करने का है। सभी पार्टियों ने इसपर सहमति जताई है कि यह हम सभी के लिए एक होने और दिल्ली के लोगों की सेवा करने का वक्त है।
आपको बता दें देश की राजधानी दिल्ली में बीते कई दिनों से कोरोना वायरस के मामले रिकॉर्ड संख्या में दर्ज हो रहे हैं। एक दिन पहले ही यहां रिकॉर्ड संख्या में 131 मौत भी दर्ज की गई हैं। राजधानी में बढ़ता कोरोना का खतरा सरकार के लिए चिंता का विषय बन चुका है।
दिल्ली में 24 घंटों के भीतर 7,486 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद संक्रमण के कुल मामले पांच लाख हो गए हैं, वहीं मरने वालों की संख्या 7,934 हो गई है। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक एक दिन में 62,232 लोगों की कोरोना जांच की गई थी, जिसमें से 7,486 कोरोना मामले सामने आए। दिल्ली में कोविड-19 से संक्रमित होने का दर 12.03 फीसदी है। सक्रिय मामले 42,458 हैं। यहां 11 नवंबर को एक दिन में 8,593 मामले सामने आए थे, जो अभी तक एक दिन में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले हैं।












Click it and Unblock the Notifications