दिल्ली: कोर्ट ने नाभा जेल ब्रेक के आरोपी हरमिंदर सिंह मिंटू को सुनाई 3 महीने की सजा
नई दिल्ली। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने पंजाब की नाभा जेल से भागने वाले आरोपी हरमिंदर सिंह मिंटू को 3 महीने की सजा सुनाई है। खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के खूंखार आतंकी सरगना हरमिंदर सिंह मिंटू को नवंबर, 2016 में दिल्ली से पकड़ा गया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने हरमिंदर सिंह मिंटू को धर दबोचा था। गिरफ्तारी के बाद मामले की सुनवाई दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में चल रही थी, जिसमें हरमिंदर सिंह मिंटू को 3 महीने की सजा सुनाई गई है।

नवंबर, 2016 में हुई थी गिरफ्तारी
इससे पहले पंजाब की नाभा जेल से फरार होने वाले खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (KLF) के आतंकी हरमिंदर सिंह मिंटू ने खुलासा किया था कि वह जेल ब्रेक से कुछ दिन पहले पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर हरमीत के संपर्क पर था। उसने उससे इंटरनेट के जरिए चैट किया था। मिंटू ने यह भी कबूल किया है कि नाभा जेल ब्रेक का मास्टरमाइंड वही है और उसी ने साजिश को अंजाम तक पहुंचाया। इसमें कई लोगों ने उसकी मदद की।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने की गिरफ्तारी
नवंबर, 2016 में पंजाब की नाभा जेल पर 10 हथियारबंद लोगों ने हमला किया और खालिस्तानी संगठन के सरगना हरमिंदर सिंह मिंटू समेत छह गैंगस्टर्स को छुड़ा ले गए थे। हथियारों से लैस सभी 10 बदमाश पुलिस की यूनिफॉर्म में थे। उन्होंने नाभा जेल पर हमला किया और लगभग 100 राउंड की अंधाधुंध फायरिंग की।

पटियाला हाउस कोर्ट ने सुनाई सजा
आतंकियों के भाग जाने के बाद पंजाब सहित देश के कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया था। बाद में मिंटू को दिल्ली के किसी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि पंजाब पुलिस ने नवंबर 2014 में दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से थाइलैंड से आ रहे खालिस्तानी चीफ हरमिंदर सिंह मिंटू को गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications